- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अशोक खरात पर ईडी ने कसा शिकंजा, मनी...
शिकंजे में बाबा: अशोक खरात पर ईडी ने कसा शिकंजा, मनी लॉन्ड्रिंग का दर्ज किया केस, नाशिक पुलिस की रिपोर्ट के आधार शुरू की जांच

Mumbai News. महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से अपने अश्लील कारनामों से चर्चा में आए भोंदू बाबा अशोक खरात की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं, क्योंकि नासिक पुलिस के बाद अब ईडी ने उन पर शिकंजा कस दिया है। कथित आर्थिक अनियमितताओं के मामले में घिरे अशोक खरात के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करते हुए अपनी जांच शुरू कर दी है। ईडी ने इस मामले में एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है, जो मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में एफआईआर के समान मानी जाती है। इसके साथ ही एजेंसी ने प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है, जिससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई नासिक पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मूल प्रकरण और उससे जुड़े दस्तावेजों के आधार पर की गई है। एजेंसी ने नासिक पुलिस से इस केस से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कागजात मंगवाए थे। दस्तावेजों की जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर ही मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया। प्राथमिक जांच में जिन वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं की बात सामने आई है, अब ईडी उनकी परत दर परत जांच करेगी। इसमें यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कथित अवैध धन कहां से आया, किस तरह उसे अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर किया गया और किन लोगों या संस्थाओं की इसमें भूमिका रही।
जानकारों का मानना है कि मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज होने के बाद अशोक खरात पर कानूनी दबाव काफी बढ़ सकता है। ईडी के पास इस तरह के मामलों में संपत्ति जब्त करने, बैंक खातों को फ्रीज करने और गिरफ्तारी तक की कार्रवाई करने के व्यापक अधिकार होते हैं।सूत्रों के अनुसार, जांच के अगले चरण में ईडी द्वारा पूछताछ के लिए समन जारी किए जा सकते हैं, साथ ही संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल इस पूरे मामले पर अशोक खरात या उनके पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ईडी की एंट्री के बाद यह मामला अब राज्य की प्रमुख जांचों में शामिल हो गया है।
Created On :   6 April 2026 9:09 PM IST












