दिलचस्प मोड़: राहुरी विधानसभा उपचुनाव में ट्विस्ट, शरद गुट ने दो उम्मीदवारों को दिए एबी फॉर्म, भाजपा के नेताओं ने की थी मुलाकात

राहुरी विधानसभा उपचुनाव में ट्विस्ट, शरद गुट ने दो उम्मीदवारों को दिए एबी फॉर्म, भाजपा के नेताओं ने की थी मुलाकात
  • अंतिम क्षणों में प्राजक्त तनपुरे चुनाव लड़ने से पीछे हटे
  • भाजपा के नेताओं ने की थी मुलाकात

Mumbai News. राहुरी उपचुनाव में नामांकन से पहले एक दिलचस्प मोड़ सामने आया, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को और गर्म कर दिया। दरअसल पिछले काफी समय से इस सीट से राकांपा (शरद) की ओर से प्राजक्त तनपुरे चुनाव लड़ने के इच्छुक थे। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पता चला कि तनपुरे चुनाव लड़ने से पीछे हट सकते हैं तो पार्टी ने राहुरी सीट के लिए एक अन्य नेता गोविंदराव मोकाटे को भी एबी फॉर्म जारी कर दिया। इस बीच भाजपा के दो बड़े नेताओं राधाकृष्ण विखे-पाटील और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने तनपुरे से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद तनपुरे चुनाव लड़ने से पीछे हट गए। इस बीच शरद गुट ने गोविंदराव मोकाटे को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया।

तनपुरे से हुई बंद कमरे में चर्चा

सोमवार सुबह रवींद्र चव्हाण और मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील अचानक प्राजक्त तनपुरे से मिलने पहुंचे। तीनों नेताओं के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान तनपुरे की फोन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी बात करवाई गई। तनपुरे से मुलाकात के बाद रवींद्र चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र में परंपरा रही है कि किसी विधायक के निधन के बाद उनके परिवार के सदस्य के लिए उपचुनाव निर्विरोध कराया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुरी के विकास के सभी मुद्दों पर सरकार सकारात्मक है, तनपुरे जो मांग रखेंगे, उस पर काम किया जाएगा।

मोकाटे बने आधिकारिक उम्मीदवार

राकांपा (शरद) प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बताया कि प्राजक्त तनपुरे को पहले उम्मीदवार बनाने की बात हुई थी, लेकिन उन्होंने खुद चुनाव लड़ने में रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद अन्य इच्छुकों से चर्चा की गई और अंततः गोविंदराव मोकाटे को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया गया। शिंदे ने साफ कहा कि पार्टी पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप गलत है। उन्होंने कहा कि पहले किसी अन्य सीट पर अलग निर्णय लिया गया था, लेकिन राहुरी के लिए ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई थी।

Created On :   6 April 2026 9:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story