- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- वर्ली का कीमती भूखंड फाइव स्टार...
Mumbai News: वर्ली का कीमती भूखंड फाइव स्टार होटल को देने पर विवाद, वर्षा गायकवाड़ ने कार्रवाई के लिए बीएमसी आयुक्त को लिखा पत्र

Mumbai News. शहर के वर्ली में स्थित एक महत्वपूर्ण भूखंड को पंचतारांकित होटल के लिए देने के प्रस्ताव को लेकर राजनीति तेज हो गई है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त को पत्र लिखकर इस नीलामी प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है। गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि करीब 5 हजार 166 वर्ग मीटर का यह भूखंड मात्र 455 करोड़ रुपये में एक खास बिल्डर को देने की तैयारी की जा रही है, जिससे बीएमसी को करोड़ों रुपए का नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि यह सौदा जनहित के बजाय कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने वाला है।
गायकवाड़ ने पत्र में बीएमसी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुंबई महानगरपालिका के पास खुद इतने संसाधन हैं कि वह इन भूखंडों का विकास स्वयं कर सकती है। इसके बावजूद निजी डेवलपर्स को लाभ पहुंचाने के लिए पारदर्शिता से समझौता किया जा रहा है। गायकवाड़ के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत बीएमसी को केवल 455 करोड़ रुपए और एक प्रयोगशाला के लिए करीब 1 हजार 300 वर्ग मीटर जगह ही मिलेगी, जबकि डेवलपर को पंचतारांकित होटल के जरिए भारी मुनाफा कमाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बीएमसी की संपत्तियों के नीलामी जैसे महत्वपूर्ण फैसलों पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से चर्चा जरूरी है। बिना उचित प्रक्रिया अपनाए किए जा रहे ऐसे फैसले नियमों के खिलाफ हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले को मुंबई को बेचने की साजिश करार देते हुए चेतावनी दी है कि अगर नीलामी प्रक्रिया नहीं रोकी गई, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
Created On :   8 April 2026 9:35 PM IST












