ठाणे जिले में भाजपा और शिंदे गुट के बीच विवाद गहराया

ठाणे जिले में भाजपा और शिंदे गुट के बीच विवाद गहराया
  • भाजपा और शिंदे गुट के बीच विवाद
  • शिवसेना के बाद भाजपा ने भी ठाणे और कल्याण सीटों पर किया दावा
  • भाजपा के जिला कार्यकारिणी की बैठक में एकमत से कार्यकर्ताओं ने उठाई आवाज

डिजिटल डेस्क, ठाणे. डोंबिवली में भाजपा पदाधिकारी नंदू जोशी के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री के पुत्र और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के विरुद्ध मोर्चा खोलने वाले भाजपा नेताओं ने रविवार को ठाणे में जिला कार्यकारिणी की बैठक में आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए ठाणे और कल्याण लोकसभा सीट पर अपना दावा ठोका है। दोनों ही लोकसभा सीटें शिवसेना के पास हैं। हालांकि कल्याण सीट से श्रीकांत शिंदे सांसद हैं, तो ठाणे सीट शिवसेना (ठाकरे गुट) के पास है और यहां का नेतृत्व राजन विचारे कर रहे हैं। अब दोनों सीटों पर भाजपा की दावेदारी से भाजपा और शिंदे गुट में दरार बढ़ने की संभावना है।

नौ साल में मोदी सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न योजनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाजपा ने रविवार को ठाणे के डॉ. काशीनाथ घाणेकर नाट्यगृह में एक बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में राज्य के वैद्यकीय शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन, कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री रवींद्र चव्हाण सहित विधायक संजय केलकर, विधायक गणेश नाईक, महासचिव माधवी नाईक और ठाणे लोकसभा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, विधायक निरंजन डावखरे, विधायक मंदा म्हात्रे, विधायक गीता जैन ने मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में संजीव नाईक, नरेंद्र मेहता, संदीप नाईक, आयोजक संजय वाघुले, रामचंद्र घरत, रवि व्यास, अनिल भोसले, सचिन पाटील समेत ठाणे लोकसभा क्षेत्र के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा पदाधिकारी, बूथ प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे। लोकसभा क्षेत्र के लिए आगामी रणनीति तय करने और कार्यकर्ताओं में जोश पैदा करने का प्रयास पार्टी की तरफ से किया गया।

ओछे आरोप न लगाएं: महाजन

मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि कुछ लोग दिखावा कर रहे हैं कि हम नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए सांसद श्रीकांत शिंदे को सलाह दी कि इस तरह के ओछे आरोप लगाने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं को लागू करें। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के बिना इस जिले में कोई भी निर्वाचित नहीं हो सकता है।

नरेंद्र मोदी ने भारत को ताकत दी: सहस्रबुद्धे

कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि मोदी सरकार के कारण हर परिवार का जीवन बदला है। विधायक गणेश नाईक ने कहा कि देश में फैली असमानता दूर हो गई है। पूर्व सांसद विनय सहस्रबुद्धे ने अपील की कि कार्यकर्ता 2024-मोदी की बड़ी जीत के नारे के साथ काम करें। पिछले 9 सालों में नरेंद्र मोदी ने भारत को ताकत दी। हजारों करोड़ रुपए के विकास के साथ-साथ कई सुधार किए गए।

ठाणे जिला भाजपा का गढ़: चव्हाण

रवींद्र चव्हाण ने कहा कि ठाणे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र कठिन नहीं है, इसमें महान संगठनात्मक ताकत और वफादार पार्टी कार्यकर्ता हैं। इसलिए वे अपने विरोधियों को दिखाना चाहते हैं कि ठाणे जिला हमेशा भाजपा का रहा है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि ठाणे जिला भाजपा का गढ़ है।

यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई: डावखरे

ठाणे भाजपा अध्यक्ष निरंजन डावखरे ने कहा कि 2024 की लड़ाई हमारे यहां अस्तित्व की लड़ाई है और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस लड़ाई में कमजोर नहीं पड़ना चाहिए। उन्हें अपना संकल्प नहीं छोड़ना चाहिए। उन्हें बूथ में जाकर अपनी लड़ाई लड़नी चाहिए। हमें पार्टी पर गर्व होना चाहिए। जबकि विधायक संजय केलकर ने दावा किया कि ठाणे, कल्याण और पालघर निर्वाचन क्षेत्र भाजपा के थे और रहेंगे। केलकर के इस अनुमोदन पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर सही ठहराया।

Created On :   11 Jun 2023 3:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story