New Delhi News: महाराष्ट्र सदन में दिवंगत कर्मचारियों के उत्तराधिकारियों को मिली नियुक्ति, मराठा सेवा संघ का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी संपन्न

महाराष्ट्र सदन में दिवंगत कर्मचारियों के उत्तराधिकारियों को मिली नियुक्ति, मराठा सेवा संघ का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी संपन्न
  • महाराष्ट्र सरकार की अनुकंपा नियुक्ति नीति से कई परिवारों को राहतः आर. विमला
  • शिवाजी महाराज के मूल्यों पर आधारित है संघ का कार्य : पाटील

New Delhi News. महाराष्ट्र सरकार की अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया में सुधारों के कारण लंबे समय से लंबित कई मामलों में गति आई है और कई परिवारों का इंतज़ार अब खत्म हो रहा है। इन बेहतर और सरलीकृत नीतियों का प्रत्यक्ष उदाहरण राष्ट्रीय राजधानी स्थित महाराष्ट्र सदन में देखने को मिला, जब सदन के स्थानीय आयुक्त एवं सचिव आर. विमला ने 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद दो दिवंगत कर्मचारियों के उत्तराधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। दिवंगत कर्मचारी प्रदीप कुमार (सफाईकर्मी) के पुत्र आकाश कुमार को वार्ड अटेंडेंट के पद पर नियुक्त किया गया है और स्वर्गीय पूरन चंद (वार्ड अटेंडेंट) के पुत्र गोपाल को भी इसी पद पर नियुक्त किया गया है। सरकार की नई और फास्ट-ट्रैक नीति के कारण इन दोनों परिवारों की नियुक्ति का लंबा इंतजार खत्म हो सका है। इस नियुक्ति से पिता का साया खो चुके इन दोनों युवाओं को अपने परिवारों के लिए खड़े होने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने का अवसर मिला है। इस अवसर पर आर. विमला ने कहा कि आधार खो चुके परिवारों को जल्द से जल्द नौकरी देना और आर्थिक संबल प्रदान करना न केवल अधिकारियों की ज़िम्मेदारी है, बल्कि संवेदनशीलता भी है।

मराठा सेवा संघ का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

अधर मराठा सेवा संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का दो दिवसीय "प्रशिक्षण शिविर-2025" संपन्न हो गया। छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों और मूल्यों पर आधारित इस शिविर ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्थान और संगठनात्मक विकास के लिए नई दिशा प्रदान की। पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय नवल पाटील ने शिविर में कहा कि मराठा सेवा संघ का कार्य छत्रपति शिवाजी महाराज के मूल्यों पर आधारित है, जो ‘शिवशाही’ का आधुनिक स्वरूप है। यह शिविर संगठन की आत्मा है और कार्यकर्ताओं को समाज व राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय किसान नेता अविनाश काकडे ने कहा कि मराठा समाज केवल एक जाति नहीं, बल्कि विभिन्न जातियों-जनजातियों का समन्वय है। यदि आज शिवाजी महाराज होते तो वे हमें घोड़ा-तलवार के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीक को समाजहित में उपयोग करने की प्रेरणा देते। प्रदीप पाटील ने शिविर के उद्देश्यों और संगठन के कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप पाटील ने की।

Created On :   29 Sept 2025 10:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story