- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मैंग्रोव नष्ट करने की बढ़ती घटनाओं...
Mumbai News: मैंग्रोव नष्ट करने की बढ़ती घटनाओं के चलते अब सीसीटीवी के जरिए होगी निगरानी - गणेश नाईक

- मैंग्रोव नष्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी सरकार- पंकजा मुंडे
- मैंग्रोव नष्ट करने की बढ़ती घटनाओं के चलते अब सीसीटीवी के जरिए होगी निगरानी
Mumbai News. महाराष्ट्र के लगभग सभी समुद्री किनारों पर मैंग्रोव को नष्ट करने का काम शुरू है। यह कार्य भू माफियाओं द्वारा किया जा रहा है। मुंबई के गोरेगांव से लेकर मालाड और वसई, पालघर में मैंग्रोव को बड़े पैमाने पर खत्म कर उस पर रिहायशी झोपड़ें और ईमारतें बनाई जा रही हैं। यह सब अधिकारियों की मिली भगत से हो रहा है। इस पर सरकार को कड़ी कार्रवाई की जरुरत है। शुक्रवार को भाजपा सदस्य स्नेहा दुबे ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। इस पर जवाब देते हुए पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि हमें भी इस तरह की घटनाओं की शिकायतें मिलती हैं, जिन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। वन मंत्री ने एक दूसरे सवाल के जवाब में कहा कि पालघर में इस तरह की बढ़ती घटनाओं के चलते अब मैंग्रोव की सीसीटीवी के जरिए निगरानी करने का फैसला किया गया है।
पंकजा ने कहा कि चूंकि मैंग्रोव का मामला पर्यावरण, बीएमसी और वन विभाग के अंतर्गत आता है। लिहाजा सभी विभागों की जल्द ही एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें मैंग्रोव को बचाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के उपाय खोजे जाएंगे। मंत्री पंकजा ने कहा कि मैंग्रोव वनों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग में मैंग्रोव वनों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए एक 'मैंग्रोव सेल' कार्यरत है। इस सेल के माध्यम से मैंग्रोव वनों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैंग्रोव को नष्ट करके पर्यावरण असंतुलन पैदा करने वालों के खिलाफ अभी तक 19 मामले दर्ज किए गए हैं। वन मंत्री गणेश नाईक ने कहा कि गुजरात की सीमा से लेकर गोवा की सीमा तक राज्य के तटों पर मैंग्रोव हैं। वन विभाग के माध्यम से इन मैंग्रोव वनों का सर्वेक्षण चल रहा है। इससे जल्द ही मैंग्रोव के सही क्षेत्रफल की जानकारी मिल सकेगी। सदस्य भास्कर जाधव के सवाल के जवाब में मंत्री नाईक ने कहा कि पालघर जिले में मैंग्रोव वनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वन, राजस्व और गृह विभाग के अधिकारियों द्वारा बारी-बारी से मैंग्रोव वनों की गश्त करने का भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर मुंबई में मैंग्रोव में मलबा फेंका जाता हुआ कोई पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग पर पंकजा ने उठाए सवाल
मंत्री पंकजा मुंडे ने शुक्रवार को प्रश्नकाल शुरू होने पर सामान्य प्रशासन विभाग के कामकाज पर सवाल उठाए। पंकजा ने कहा कि शुक्रवार को पर्यावरण विभाग के सवालों का जवाब मुझे देना है इसकी जानकारी गुरुवार को देर रात दी। जिससे मुझे सदस्यों के द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब तैयार करने के लिए समय कम मिला। पंकजा के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य के मुख्य सचिव को आदेश दिए कि मंत्रियों को उनके द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची जल्द दी जाए।
Created On :   4 July 2025 9:31 PM IST