प्रदर्शन और नारेबाजी: युवा कांग्रेस का मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर आंदोलन, डॉ. को न्याय दिलाने की मांग

युवा कांग्रेस का मुख्यमंत्री के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर आंदोलन, डॉ. को न्याय दिलाने की मांग
  • डॉ. संपदा मुंडे को न्याय दिलाने की मांग पर प्रदर्शन
  • सोमवार को मुंबई में जोरदार आंदोलन

Mumbai News. फलटण उप जिला अस्पताल की डॉक्टर संपदा मुंडे की आत्महत्या के मामले में युवा कांग्रेस ने सोमवार को मुंबई में जोरदार आंदोलन किया। युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ बंगले पर पहुंचे और नारेबाजी की। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने नरीमन पॉइंट और मरीन ड्राइव पर भी आंदोलन कर भाजपा महायुती सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और संपदा मुंडे आत्महत्या मामले में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, महाराष्ट्र और मुंबई प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज मोरे व जीनत शबरीन मौजूद रहे।

गिरगांव चौपाटी से शुरू हुआ यह आंदोलन सीधे वर्षा बंगले तक पहुंचा। युवा कांग्रेस के आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने वानखेड़े स्टेडियम के पास मरीन ड्राइव पर ही रास्ता रोको किया, जिससे लगभग आधे घंटे तक ट्रैफिक ठप रहा। इस बीच कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर वर्षा बंगले तक पहुंच गए और वहां जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। मुंबई कांग्रेस युवा अध्यक्ष जीनत ने कहा कि डॉ. संपदा मुंडे को भाजपा के पूर्व सांसद रणजीत सिंह नाईक निंबालकर और पुलिस की यातना के कारण आत्महत्या करनी पड़ी।

पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व सांसद रणजीत अब भी आजाद घूम रहे हैं। उन्होंने कहा सरकार जांच के नाम पर मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जब तक डॉ. संपदा मुंडे को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा।

Created On :   10 Nov 2025 9:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story