मचा हड़कंप: दूध में मिलावट का संदेह और गंदगी पर एफडीए का शिकंजा, ब्रिजवासी और जेप्टो के लाइसेंस निलंबित, तलेाजा में 3 डेयरी इकाइयों पर कार्रवाई

दूध में मिलावट का संदेह और गंदगी पर एफडीए का शिकंजा, ब्रिजवासी और जेप्टो के लाइसेंस निलंबित, तलेाजा में 3 डेयरी इकाइयों पर कार्रवाई
  • 3.89 लाख रुपये का दूध-पनीर-दही नष्ट या जब्त
  • तीन लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन निलंबित

डिजिटल डेस्क, मुंबई. त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। मालाड पश्चिम स्थित मेसर्स कृष्णम रिटेल्स एलएलपी (ब्रिजवासी) और भांडुप स्थित जेप्टो लिमिटेड के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, रायगढ़ जिले के तलोजा में दूध और दुग्ध उत्पादों की तीन इकाइयों पर कार्रवाई करते हुए करीब 3.89 लाख रुपये का खाद्य स्टॉक नष्ट या जब्त किया गया। इन इकाइयों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन भी निलंबित किए गए हैं।

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े गंभीर उल्लंघन पाए। एफडीए के अनुसार ब्रिजवासी की जांच में सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाली खामियां सामने आईं। इसके बाद लाइसेंस 10 अक्टूबर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी तरह तलोजा में मेसर्स सावरिया मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स में वैध लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के बिना दूध का भंडारण करने, खरीद-बिक्री के बिल और रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने तथा बेहद खराब साफ-सफाई जैसी खामियां पाई गईं।

इसके अलावा मेसर्स माहेश्वरी फूड्स की पनीर उत्पादन इकाई में छिपकली मिलने, गंदगी, दुर्गंध और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने जैसी खामियां सामने आईं। वहीं, मेसर्स रॉयल फूड्स में दही के लेबल पर दर्ज पोषण संबंधी जानकारी और प्रयोगशाला विश्लेषण रिपोर्ट में विसंगति पाई गई। इसके अलावा, उत्पादन के लिए वैध लाइसेंस नहीं होने और स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन का मामला सामने आया। इन खामियों के आधार पर एफडीए ने तीनो खाद्य प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

Created On :   12 Oct 2026 9:10 PM IST

Tags

Next Story