विधान परिषद चुनाव: महाआघाडी की बैठक में चुनाव साथ लड़ने पर बनी सहमति, सीट बंटवारे पर आज होगी चर्चा

महाआघाडी की बैठक में चुनाव साथ लड़ने पर बनी सहमति, सीट बंटवारे पर आज होगी चर्चा
  • अगले दो दिनों में अंतिम फैसला होने की उम्मीद
  • यशवंतराव चव्हाण सेंटर में अहम बैठक हुई

डिजिटल डेस्क, मुंबई. आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के तीनों घटक दलों कांग्रेस, राकांपा (शरद) और शिवसेना (उद्धव) के बीच मंगलवार को यशवंतराव चव्हाण सेंटर में अहम बैठक हुई। बैठक में तीनों दलों के प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में तीनों दलों ने आगामी चुनाव गठबंधन के तहत मिलकर लड़ने को लेकर प्राथमिक स्तर पर सहमति जताई। बैठक के बाद राकांपा (शरद) प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि फिलहाल चुनाव लड़ने को लेकर प्राथमिक चर्चा हुई है। अब बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के साथ दूसरे दौर की बैठक होगी। इस बैठक में चुनाव की आगे की रणनीति के साथ ही विभिन्न सीटों पर तीनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा की जाएगी।

शशिकांत शिंदे के मुताबिक अगले दो दिनों में सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि तीनों ही दलों में विधान परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक कई नेता हैं। ऐसे में सहयोगी दलों के बीच आपसी चर्चा के बाद जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में संभावित उम्मीदवारों, चुनावी समीकरण और गठबंधन के तहत किस दल को कौन-सी सीट मिल सकती है, इस पर प्रारंभिक स्तर पर विचार-विमर्श हुआ। विधान परिषद चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी के भीतर यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि तीनों दल अलग-अलग सीटों पर अपने दावेदारों के नाम आगे बढ़ा रहे हैं। अब बुधवार को होने वाली दूसरे दौर की बैठक में सीटों के बंटवारे पर ठोस चर्चा होने के बाद गठबंधन की चुनावी रणनीति और संभावित उम्मीदवारों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। तीनों दलों के बीच समन्वय और सहमति बनने के बाद ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा किए जाने की संभावना है।

बैठक में शामिल हुए कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि विधान परिषद की महाआघाडी के तीनों दलों की प्राथमिक चर्चा हुई है। नसीम ने कहा कि पहले से ही पुणे और नागपुर की शिक्षक सीटें कांग्रेस की रही हैं। ऐसे में इन दोनों सीटों के आलावा अन्य सीटों पर तीनों दलों में चर्चा होगी। जिस पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है।

Created On :   29 Sept 2026 10:10 PM IST

Tags

Next Story