- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कृषि यंत्रीकरण और सूक्ष्म सिंचाई के...
महाराष्ट्र: कृषि यंत्रीकरण और सूक्ष्म सिंचाई के लिए केंद्र सरकार दे 500-500 करोड़ की अतिरिक्त राशि - भरणे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने इस साल राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कम और असमान बारिश से बनी स्थिति और आने वाले रबी सीजन में होने वाली संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य के लिए खास उपायों की मांग की है। उन्होंने कृषि यांत्रिकीकरण और सूक्ष्म सिंचाई के लिए 500-500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की मांग की है।
राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान-2026 के दूसरे दिन, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र को लेकर चिंता जाहिर की। चौहान ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र में सूखे के हालात का जायजा लेने के लिए एक केंद्रीय दल भेजने का फैसला किया है। वह स्वयं भी राज्य का दौरा करेंगे। कृषि मंत्री भरणे ने सम्मेलन में अपी बात रखते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज से जल्द महाराष्ट्र का दौरा कर कृषि और किसानों की स्थिति का जायजा लेने का अनुरोध किया।
भरणे ने कहा कि उपलब्ध पानी और मिट्टी की नमी के अनुसार फसलों का चयन करना और किसानों को समय पर मार्गदर्शन देना जरूरी है। उन्होंने संभावना जताई कि राज्य की स्थिति चना, गेहूं, रबी ज्वार, कुसुम और विभिन्न तिलहनों के उत्पादन पर असर डाल सकती है। उन्होंने कहा कि इस साल भारी बारिश की वजह से कुछ फसलें ऊपर से तो ठीक नजर आ रहीं, लेकिन उनमें उम्मीद के मुताबिक पैदावार नहीं हो रही है। भरणे ने मांग की कि इस साल फ़सल बीमा स्कीम में सिर्फ़ सैटेलाइट इमेज रिपोर्ट के आधार पर पैदावार का अंदाज़ा लगाने के बजाय, असल फसल की स्थिति पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
10 लाख रबी ज्वार बीज मिनी किट की मांग
महाराष्ट्र में बारिश की कमी से पैदा हुए हालात को देखते हुए कृषि मंत्री भरणे ने आने वाले रबी सीजन के लिए 10 लाख रबी ज्वार बीज मिनी किट की स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने बताया कि इससे न सिर्फ़ ज्वार का उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि जानवरों के लिए चारा भी मिलेगा।
Created On :   29 Sept 2026 7:32 PM IST








