सांसद राऊत का दावा : बस अब अगले दो महीने में गिर जाएगी शिंदे-फडणवीस सरकार

सांसद राऊत का दावा : बस अब अगले दो महीने में गिर जाएगी शिंदे-फडणवीस सरकार
  • सांसद राऊत का बड़ा दावा
  • अगले दो महीने में गिर जाएगी शिंदे-फडणवीस सरकार
  • दो महीने में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अमल करना होगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के नेता एवं सांसद संजय राऊत ने एक बार फिर अगले दो महीने में महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार गिरने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगले दो महीने में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अमल करना होगा। उसके बाद यह सरकार गिर जाएगी।

सांसद राऊत ने शुक्रवार को यहां मीडिया से राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार न होने के मुद्दे पर कहा कि केंद्र अर्थात भाजपा ने ही मंत्रिमंडल विस्तार रोक रखा है। एकनाथ शिंदे के हाथ में कुछ नहीं है। राज्य सरकार में सब कुछ आलबेल होता तो मंत्रिमंडल विस्तार हो जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं का आदेश है कि शिंदे गुट के भ्रष्ट नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जाए।

सांसद डॉ अनिल बोंडे के मुख्यमंत्री शिंदे पर टिप्पणी को लेकर राऊत ने कहा कि फडणवीस के प्रवक्ता ने उन्हें मेंढक की उपमा दी है। क्या इसे फेविकोल का मजबूत जोड़ कहेंगे? यह कोई जोड नहीं है। अगले दो महीने में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अमल करना होगा। उसके बाद यह सरकार गिर जाएगी।

राऊत बंधुओं द्वारा सुरक्षा बढ़ाने के लिए जानबूझकर धमकी का ताना बाना बुनने के भाजपा के आरोप पर सांसद राऊत ने कहा कि ताना बाना बुनना मूर्खो का काम है। मयुर शिंदे की तस्वीर भले ही हमारे साथ है, लेकिन उसने रविन्द्र चव्हाण की मौजूदगी में भाजपा में प्रवेश किया था। अब वह मिंधे गुट में है। ठाणे के आपराधिक प्रवृत्ति के लोग पुलिस की मदद से मिंधे गुट और भाजपा में शामिल हुए है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ये लोग मेरे लिए काम करेंगे। यह कुछ नहीं 72 घंटे के विज्ञापन कांड से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा का ही यह रचा हुआ ताना बाना है। उन्होंने सुरक्षा की मांग नहीं की है।

Created On :   16 Jun 2023 2:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story