मराठा आरक्षण: आंदोलन के चलते ठप हो गई थी मुंबई, आंदोलनकारियों को दक्षिण मुंबई से हटाने की मांग- राऊत ने उठाए सवाल

आंदोलन के चलते ठप हो गई थी मुंबई, आंदोलनकारियों को दक्षिण मुंबई से हटाने की मांग- राऊत ने उठाए सवाल
  • मिलिंद देवड़ा ने कहा - आंदोलनों को दक्षिण मुंबई से हटाया जाए
  • शिंदे के सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, राऊत ने उठाए सवाल

Mumbai News. गणेशोत्सव के दौरान मराठा आरक्षण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटील ने मुंबई के आजाद मैदान में बड़ा आंदोलन किया, जिसमें मराठा समुदाय के लाखों लोग शामिल हुए। यह आंदोलन लगातार पांच दिनों तक चला, जिससे खासतौर पर दक्षिण मुंबई में व्यापक रूप से जनजीवन प्रभावित हुआ। जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और गणेश भक्तों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस आंदोलन के चलते मुंबईकरों को हुई परेशानी को देखते हुए शिवसेना (शिंदे) सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर दक्षिण मुंबई में बार-बार हो रहे आंदोलनों को लेकर चिंता जताई है और आजाद मैदान के आंदोलन स्थल को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।

पत्र में मिलिंद देवड़ा ने क्या लिखा?

देवड़ा ने मुख्यमंत्री फडणवीस को पत्र लिखकर मांग की है कि दक्षिण मुंबई राज्य का नहीं, बल्कि देश का एक अहम राजनीतिक और आर्थिक केंद्र है। यहां मंत्रालय, विधान भवन, पुलिस मुख्यालय, नौसेना मुख्यालय, बड़े बैंक, बीएमसी दफ्तर और कॉर्पोरेट कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में लगातार हो रहे आंदोलनों से प्रशासनिक कामकाज बाधित होता है और आम नागरिकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। देवड़ा ने पत्र में आगे लिखा है कि आंदोलन करना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आम जनता को होने वाली असुविधाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। क्योंकि हर किसी का बगैर व्यवधान के काम करने का अधिकार है। सड़कों का बंद होना, ट्रैफिक रुक जाना और दैनिक कार्यों में बाधा आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनता है। इसलिए ऐसे बड़े आंदोलनों को दक्षिण मुंबई जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्रों से हटाकर शहर के किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए ताकि न तो किसी के अधिकारों का हनन हो और न ही मुंबई की कार्यप्रणाली बाधित हो।

शिंदे की सेना का यही असली चेहरा- राऊत

देवड़ा के पत्र पर शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने शिंदे गुट पर जवाबी हमला करते हुए कहा है कि अमित शाह प्रायोजित शिंदे गुट का यही असली चेहरा है। जब मराठी लोग अपने हक के लिए मुंबई में एकजुट होते हैं, तो इन्हें तकलीफ होती है। शिंदे गुट के सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दक्षिण मुंबई में मराठी आंदोलन की अनुमति न देने को कहा है। अब इन्हें बालासाहेब की तस्वीरें लगाना बंद कर देना चाहिए। वहीं राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने कहा कि देवड़ा के जरिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री फडणवीस को जबरन घेर रहे हैं। ऐसा सिर्फ उन पर दवाब बनाने के लिए किया जा रहा है।

Created On :   4 Sept 2025 9:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story