- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शशिकांत शिंदे ने कहा - मराठा आरक्षण...
Mumbai News: शशिकांत शिंदे ने कहा - मराठा आरक्षण के लिए ओबीसी का कोटा बढ़ाए सरकार, पाटील बोले मराठा समाज के 12 मुख्यमंत्रियों में किसी ने फूटी कौड़ी हाथ न रखी

- आंदोलनकारियों को वानखेड़े स्टेडियम में मिले जगह- बाला नांदगावकर
- गरीब मराठों को मिले आरक्षण - आठवले
- महाराष्ट्र में मराठा समाज के 12 मुख्यमंत्री बने, लेकिन किसी फूटी कौड़ी भी हाथ में नहीं रखी - नरेंद्र पाटील
Mumbai News. मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच राकांपा (शरद) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने राज्य सरकार से मराठा आरक्षण के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ओबीसी का कोटा बढ़ाकर मराठा समाज को आरक्षण दिया जा सकता है। यदि आरक्षण कानूनी रूप से टिकाने के लिए केंद्र सरकार को तत्काल कानून बनाना चाहिए। सोमवार को शिंदे ने मराठा आंदोलक मनोज जरांगे-पाटील से आजाद मैदान में मुलाकात की। इस मौके पर राकांपा (अजित) के विधायक संदीप क्षीरसागर भी मौजूद थे। पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि सरकार को मराठा आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। विपक्षी दल मराठा आरक्षण के मामले में सरकार के साथ चर्चा के लिए तैयार है।
आंदोलनकारियों को वानखेड़े स्टेडियम में मिले जगह- बाला नांदगावकर
मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे-पाटील के मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के खिलाफ सख्त टिप्पणी के बाद उनके पार्टी के नेताओं का आंदोलन को लेकर रूख नरम हो गया है। मनसे के नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि आजाद मैदान में जगह कम है। इसलिए जरांगे-पाटील को चर्चगेट रेलवे स्टेशन के पास स्थित वानखेड़े स्टेडियम में अनशन करने के लिए जगह दिया जाना चाहिए। इससे आंदोलनकारी एक ही जगह पर रह सकेंगे। अभी आजाद मैदान में जगह नहीं होने के कारण आंदोलनकारी अलग-अलग जगहों पर घुम रहे हैं। नांदगावकर ने कहा कि मनसे अध्यक्ष राज के जुबान पर जो बातें आई। वह उन्होंने बोल दिया। लेकिन मनसे के नेता अमित ठाकरे ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आंदोलनकारियों को भोजन और पानी के साथ अन्य जरूरतों के लिए मदद करने का आह्वान किया है। इसलिए मनसे की ओर से आंदोलनकारियों को हर संभव मदद की जाएगी।
गरीब मराठों को मिले आरक्षण - आठवले
आरपीआई के अध्यक्ष तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि राज्य के गरीब मराठों को आरक्षण का अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार हैदराबाद और सातारा राजपत्र का अध्ययन करे। गरीब मराठों को आरक्षण देते समय ओबीसी समाज पर भी अन्याय नहीं होना चाहिए। बांद्रा में आठवले ने कहा कि मराठा आंदोलकर मनोज जरांगे-पाटील का उग्र होने वाले आंदोलन को खत्म कराया जाना चाहिए।
महाराष्ट्र में मराठा समाज के 12 मुख्यमंत्री बने, लेकिन किसी फूटी कौड़ी भी हाथ में नहीं रखी - नरेंद्र पाटील
प्रदेश सरकार के अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील ने कहा कि महाराष्ट्र में मराठा समाज के 12 मुख्यमंत्री बने, लेकिन किसी मुख्यमंत्री ने मराठा समाज के हाथों में फूटी कौड़ी भी नहीं रखी। पाटील ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों को आत्मचिंतन करना चाहिए कि मराठवाड़ा में सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री होने के बावजूद अंचल की गरीबी क्यों नहीं हटी? सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पाटील ने कहा कि अण्णासाहेब पाटिल आर्थिक विकास महामंडल को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने बंद कर दिया था। उसे साल 2014 से 2019 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोबारा स्थापित किया। मराठा समाज के कल्याण के लिए सबसे अधिक मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने काम किया है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी मराठा समाज के लिए कई पहल की है। लेकिन विपक्ष के नेता मराठा समाज के युवाओं को सरकार के खिलाफ भड़का रहे हैं। पाटील ने कहा कि वर्तमान में मराठा आंदोलन अपनी दिशा से भटक गया है। आंदोलन केवल व्यक्ति-विरोधी हो गया है। आंदोलन में सिर्फ मुख्यमंत्री का विरोध हो रहा है।
Created On :   1 Sept 2025 10:02 PM IST