- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नाचते गाते हुए उत्साह में गुलाल...
Mumbai News: नाचते गाते हुए उत्साह में गुलाल उड़ाते हुए आइए, हम आपकी प्रतीक्षा कर रहे हैं

- 5 जुलाई को होने वाली सभा से पहले राज और उद्धव ठाकरे ने जारी किया संयुक्त पत्र
- नाचते गाते हुए उत्साह में गुलाल उड़ाते हुए आइए
Mumbai News. महाराष्ट्र की सियासत में 5 जुलाई को ठाकरे बंधुओं का करीब 20 साल बाद मिलन होने जा रहा है। मुंबई के वर्ली डोम में मराठी भाषा और अस्मिता की रक्षा के लिए शिवसेना (उद्धव) एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने संयुक्त मराठी भाषा जीत का उत्सव मनाने का फैसला किया है। शिवसेना (उद्धव) अध्यक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने मंगलवार को एक संयुक्त पत्र जारी करते हुए 'आवाज मराठी की' उत्सव मनाने का फैसला किया है। दरअसल 5 जुलाई को हिंदी भाषा के विरोध में दोनों ठाकरे बंधुओं ने पहले संयुक्त मार्च निकालने का ऐलान किया था, लेकिन जब राज्य सरकार ने जब हिंदी भाषा से संबंधित दोनों शासनादेश रद्द कर दिए तो उसके बाद अब मराठी भाषा की जीत का उत्सव मनाने का फैसला किया है।
संयुक्त पत्र में क्या लिखा है?
उद्धव और राज ठाकरे के नाम से लिखे गए संयुक्त पत्र में लिखा है कि, आवाज मराठी की। मराठी माता, बहनों और भाइयों। क्या आपने सरकार को झुकाया? हां आपने झुकाया और किसने झुकाया तो वह आप ही थे। आप मराठी लोगों ने सरकार को झुकाया, हम तो सिर्फ आपकी तरफ से संघर्ष कर रहे थे। इसलिए खुशी का उत्सव मनाते समय भी हम केवल इस सभा के आयोजक हैं। बाकी उत्सव तो आपको मनाना है। नाचते गाते हुए उत्साह में गुलाल उड़ाते हुए आइए। हम आपकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। आपका विनम्र राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे।
क्या है विवाद?
राज्य सरकार ने कुछ दिनों पहले हिंदी भाषा को तीसरी भाषा के रूप में कक्षा एक से कक्षा 5 तक पढ़ाने का फैसला किया था। जिसका राज्य के सभी विपक्षी दलों ने विरोध किया था। इसके बाद उद्धव और राज ठाकरे ने हिंदी भाषा को स्कूलों में पढ़ाए जाने के फैसले के विरोध में 5 जुलाई को विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। लेकिन राज्य सरकार ने विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले ही अपने हिंदी के दोनों फैसलों को रद्द कर दिया। जिसके बाद अब राज और उद्धव मराठी भाषा उत्सव मनाने जा रहे हैं।
Created On :   1 July 2025 9:50 PM IST