- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एकनाथ शिंदे फिर बने शिवसेना शिंदे...
Mumbai News: एकनाथ शिंदे फिर बने शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख नेता, बैठक में हुआ फैसला

- पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
- एकनाथ शिंदे फिर बने शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख नेता
Mumbai News. शिवसेना (शिंदे) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को एक बार फिर से एकनाथ शिंदे को सर्वसम्मति से पार्टी का मुख्य नेता चुन लिया गया। मुंबई में हुई कार्यकारिणी की बैठक में 4 प्रस्ताव भी पास हुए। बैठक में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रस्ताव मंजूर किया गया। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना को लिए गए फैसले को लेकर भी प्रस्ताव मंजूर किया गया। बैठक के बाद शिवसेना (शिंदे) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद गजानन कीर्तिकर ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव में शिवसेना पहले भी एक नंबर की पार्टी थी और आगामी चुनाव में भी हमारी पार्टी अव्वल बनकर उभरेगी।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में क्या हुआ?
मुंबई में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) मुख्य नेता एकनाथ शिंदे को सभी सर्वसम्मति से एक बार फिर से मुख्य नेता के पद पर चुना गया। कार्यकारिणी में शामिल हुए गजानन कीर्तिकर ने कहा कि एकनाथ शिंदे के अलावा किसी भी दूसरे नेता के नाम की चर्चा मुख्य नेता के पद के तौर पर नहीं हुई। यही कारण रहा की शिंदे को सर्वसम्मति से मुख्य नेता पद पर चुन लिया गया। पूर्व सांसद कीर्तिकर ने कहा कि इसके अलावा इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रस्ताव पास हुआ, वहीं केंद्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना का भी समर्थन किया गया। इसके अलावा मराठी लोगों के हक के लिए शिवसेना हमेशा से तैयार रहेगी, इसको लेकर भी प्रस्ताव पास हुआ। सांसद श्रीकांत शिंदे ने जिस तरह से देश की भूमिका विदेशी सरजमीं पर पेश की उसको लेकर उनका अभिनंदन प्रस्ताव भी कार्यकारिणी की बैठक में पास हुआ।
शिंदे की मंत्रियों के साथ बैठक
शिवसेना (शिंदे) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी के प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे ने अपने मंत्रियों के साथ बैठक की। खबर है कि इस बैठक में विधानमंडल के मानसून सत्र में किस तरह से विरोधी दलों को घेरा जाए, इसको लेकर शिंदे ने सभी मंत्रियों के साथ सलाह मशविरा किया। मराठी के मुद्दे पर सरकार ने जो जो फैसले लिए हैं, उन्हें सर्व सामान्य जनता तक पहुंचाने का आदेश भी शिंदे ने मंत्रियों को दिया।
Created On :   30 Jun 2025 9:37 PM IST