Mumbai News: एकनाथ शिंदे की बैठकों का दौर जारी, दशहरा रैली से करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत

एकनाथ शिंदे की बैठकों का दौर जारी, दशहरा रैली से करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत
  • ठाकरे गुट ने भी दशहरा रैली के लिए तैयारियां शुरू की
  • दशहरा रैली से करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत

Mumbai News. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने आगामी स्थानीय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शिंदे ने पार्टी स्तर पर बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। पिछले तीन दिनों में शिंदे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठक कर चुके हैं। शिंदे ने अपने करीबी नेताओं, पूर्व नगरसेवकों, पूर्व विधायकों और कोर टीम के साथ बैठक कर चुनावी अभियान की रणनीति बनानी शुरू कर दी हैं, जिसमें बूथ स्तर की तैयारी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और गली-मोहल्ले तक पहुंचने की रणनीति पर जोर दिया जा रहा है। खबर है कि शिंदे दशहरा रैली से मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और अन्य चुनावों के अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।

मुंबई मनपा पर मुख्य फोकस

मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक समेत कई महानगरपालिकाओं के चुनाव होने वाले हैं। लेकिन शिवसेना (शिंदे) की सबसे ज्यादा नजर बीएमसी चुनाव पर है, जहां उसकी उद्धव गुट के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। शिंदे ने नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उन्हें गली स्तर तक पहुंच बनानी होगी। जनता से ज्यादा से ज्यादा संवाद करना होगा, पिछले तीन वर्षों में हुए सरकार के कार्यों की जानकारी भी घर-घर तक पहुंचाने को कहा गया है। इसके साथ ही शिंदे ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर भी अभियान तेज करने को कहा है।

दशहरा रैली बनेगी चुनावी रणभेरी

राज्य सरकार में परिवहन मंत्री और शिवसेना (शिंदे) के वरिष्ठ नेता प्रताप सरनाईक ने कहा कि इस वर्ष की दशहरा रैली विशेष रूप से महत्वपूर्ण होने वाली है। सरनाईक ने कहा कि इस रैली के माध्यम से हम अपने आगामी चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत तो करेंगे ही, इसके साथ हमारी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने की शुरुआत भी करेंगे। उन्होंने कहा कि दशहरा रैली हमारे लिए सिर्फ शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और जनता से संवाद का मौका है। सरनाईक ने कहा कि पार्टी पहले ही सदस्यों को जोड़ने का अभियान शुरू कर चुकी है। उधर शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। ठाकरे भी हर रोज पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी माहौल बनाने में जुट गए हैं।

ठाकरे गुट बनाम शिंदे गुट

दशहरा रैली के मंच पर शिंदे गुट अपनी ताकत दिखाकर ठाकरे गुट को सीधी चुनौती देने की तैयारी में है। साल 2022 के बाद से शिवसेना में हुए विद्रोह के बाद उद्धव और शिंदे गुट दोनों अलग-अलग दशहरा रैली का आयोजन कर रहे हैं। लेकिन दोनों ही गुटों के लिए आगामी बीएमसी चुनाव से पहले बड़ा मौका होगा जब वे अपनी जनता के बीच पकड़ को परख पाएंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि शिंदे गुट दशहरा रैली में बड़ी भीड़ जुटाने में सफल होता है, तो इसका सीधा असर मुंबई और ठाणे के स्थानीय चुनावों पर पड़ सकता है।

Created On :   21 Sept 2025 10:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story