- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- रायगड में भले ही भाजपा के साथ युति...
Mumbai News: रायगड में भले ही भाजपा के साथ युति करो लेकिन शिवसेना शिंदे गुट के साथ मंजूर नहीं

- अजित पवार के सामने कार्यकर्ताओं ने रखी मांग
- रायगड को लेकर राजनीतिक तापमान चढ़ा
Mumbai News. राज्य में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव का बिगुल बज चुका है। आचार संहिता लागू होने के साथ ही अब राजनीतिक हलचलें भी तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर गठबंधन की संभावनाओं को परखा जा रहा है। इसी बीच उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा (अजित) अध्यक्ष अजित पवार के समक्ष वर्ली में चल रही जिला समीक्षा बैठक में रायगड के पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि हमें रायगड में भाजपा के साथ चुनाव लड़ने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन शिवसेना (शिंदे) के साथ गठबंधन मंजूर नहीं। ऐसे में रायगड में महायुति में दरार देखने को मिल सकती है।
रायगड को लेकर राजनीतिक तापमान चढ़ा
दरअसल अजित गुट की जारी जिला समीक्षा बैठक में बुधवार को रायगड के पार्टी जिला अध्यक्ष और दूसरे पदाधिकारियों ने पार्टी अध्यक्ष अजित पवार और प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे के समक्ष एक बड़ी मांग की। अजित गुट के एक वरिष्ठ नेता ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि बैठक में शिवसेना (शिंदे) के साथ गठबंधन का मुद्दा उठा। जिस पर अधिकांश पदाधिकारियों ने साफ लहजे में कहा कि हम भाजपा के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं। लेकिन शिंदे गुट के साथ गठबंधन मंजूर नहीं है। स्थानीय नेताओं ने शिंदे गुट से दूरी बनाने और भाजपा के साथ चुनावी तालमेल का प्रस्ताव रखा। जिस पर अजित पवार ने कहा कि किससे गठबंधन करना है, इसका निर्णय स्थानीय स्तर पर करें। यानी रायगड में अब अजित गुट की स्थानीय स्तर पर गठबंधन का निर्णय खुद लेना होगा।
गोगावले बनाम तटकरे का असर
रायगड में शिवसेना (शिंदे) के नेता भरत गोगावले और अजित गुट के सुनील तटकरे एक दूसरे के कट्टर राजनीतिक विरोधी माने जाते हैं। दोनों नेताओं के बीच पिछले कई दिनों से तीखी बयानबाजी चल रही है। गोगावले ने पहले तटकरे के सामने गठबंधन का एक फार्मूला रखते हुए कहा था कि जितने विधायक जिस दल के होंगे, उसी अनुपात में महायुति में सीटों का बंटवारा होना चाहिए। लेकिन तटकरे ने गोगावले के इस प्रस्ताव का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि हम अब आजाद हैं, शिवसेना (शिंदे) से गठबंधन नहीं होगा। ऐसे में रायगड में महायुति में दरार देखने को मिल सकती है।
Created On :   5 Nov 2025 8:40 PM IST












