Mumbai News: मुंबई प्रेस क्लब को गैस बम से उड़ाने की धमकी, दूसरे मामले में पारिवारिक कलह से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी

मुंबई प्रेस क्लब को गैस बम से उड़ाने की धमकी, दूसरे मामले में पारिवारिक कलह से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी
  • मुंबई प्रेस क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला
  • दावा किया गया कि इमारत के भीतर जहर गैस से लैस कई छोटे बम लगाए गए हैं

Mumbai News. मुंबई प्रेस क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला। जिसमें दावा किया गया कि इमारत के भीतर जहर गैस से लैस कई छोटे बम लगाए गए हैं, जिसमें दोपहर 1 बजे विस्फोट होगा। धमकी देनेवाले ने अपना नाम नीरजा अजमल खान बताया है। ईमेल मिलते ही मुंबई पुलिस, खुफिया एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता अलर्ट मोड पर आ गए। प्रेस क्लब परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि मौके से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, ईमेल भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का बताया है और राजनीतिक आरोप लगाए हैं। ईमेल में नक्सलियों और पाकिस्तान से जुड़े कथित गुप्त नेटवर्क का भी जिक्र किया गया है। जांच में सामने आया है कि यह ईमेल प्रोटॉन मेल सर्विस के जरिए भेजा गया है, जिसे ट्रेस करना आसान नहीं होता। मुंबई पुलिस की साइबर टीम आरोपियों की पहचान में जुटी है।

पारिवारिक कलह से तंग आकर युवक ने की खुदकुशी, मृतक की मां की शिकायत पर खार पुलिस स्टेशन में केस दर्ज

खार पश्चिम इलाके में पारिवारिक कलह और पत्नी के उत्पीड़न से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतक की पत्नी पर मारपीट करने और आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप है। इस मामले में मृतक की मां ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए खार पुलिस स्टेशन में 19 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई है। खार पुलिस के अनुसार, खारदांडा के विश्वदीप सोसायटी में रहने वाले सुभाष यादव (33) ने 13 जनवरी 2026 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की मां उर्मिला यादव (55) ने 19 मार्च 2026 को खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए बहू अनीता यादव पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, सुभाष और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मां का आरोप है कि अनीता अक्सर सुभाष के साथ मारपीट और गाली-गलौच करती थी। परिवार के पास मारपीट से जुड़े वीडियो भी सबूत के तौर पर मौजूद हैं।

खुदकुशी वाले दिन दंपती के बीच हुआ था झगड़ा

मिली जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन अनीता शाम करीब 4:30 बजे बाहर से घर लौटी थी। इसके बाद दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि झगड़े के दौरान अनीता ने सुभाष के साथ मारपीट भी की। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे जब सुभाष का परिवार घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर जाकर देखा गया तो सुभाष पंखे से लटका हुआ था। जबकि उसका 6 वर्षीय बेटा बाथरूम में बंद मिला। सुभाष और अनीता की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। दोनों के बीच घरेलू हिंसा का मामला बांद्रा कोर्ट में लंबित है। अनीता पिछले कुछ वर्षों से अलग रह रही थी और हाल ही में वापस आई थी। मां की शिकायत के आधार पर खार पुलिस ने अनीता यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

Created On :   20 March 2026 9:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story