- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हादसे...
हादसा: मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर हादसे में आईआईटी बॉम्बे के तीन छात्रों की मौत, लोनावला से लौट रहे छात्रों की पलटी

Mumbai News. मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर पनवेल के समीप भाताण सुरंग के पास गुरुवार सुबह हुए एक कार हादसे में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के तीन छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नाशिक निवासी ओमकुमार बोरसे (23), नागपुर के लय देशभ्रतार (20) और जयपुर के श्रेयांश शर्मा (22) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, ये तीनों छात्र अपने अन्य मित्रों के साथ दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर गुरुवार तड़के करीब 5 बजे पवई स्थित आईआईटी बॉम्बे कैंपस से खंडाला में सूर्योदय देखने के लिए गए थे और जब वे वापस मुंबई लौट रहे थे, तभी सुबह करीब पौने नौ बजे पनवेल से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह भी पढ़े -आदिवासी और अनुसूचित जाति की छात्राओं को शिक्षा की ओर आकर्षित करने शुरू हुई थी स्कीम, नहीं बढ़ा छात्राओं का एक रुपया उपस्थिति भत्ता
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि आगे निकलने की जल्दबाजी में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। हादसे के तुरंत बाद तीनों छात्रों को कामोठे स्थित महात्मा गांधी मिशन अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त प्रशांत मोहिते और तिरुपति काकडे सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करवाया। दोपहर करीब ढाई बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
Created On :   19 March 2026 10:07 PM IST










