बाबा खरात के पैर धोते वीडियो वायरल, रूपाली चाकणकर पर बढ़ा इस्तीफे का दबाव, दो हफ्ते पहले ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश, डीजीपी को सौंपी थी कमान

बाबा खरात के पैर धोते वीडियो वायरल, रूपाली चाकणकर पर बढ़ा इस्तीफे का दबाव, दो हफ्ते पहले ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश, डीजीपी को सौंपी थी कमान
  • हाई प्रोफाइल ज्योतिष पर कार्रवाई के लिए सीधे डीजीपी को सौंपी थी कमान
  • दो हफ्ते पहले ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए थे अशोक खरात पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
  • बाबा खरात के पैर धोते वीडियो वायरल, रूपाली चाकणकर पर बढ़ा इस्तीफे का दबाव

Mumbai News. नाशिक में गिरफ्तार किए गए कथित हाई प्रोफाइल ज्योतिष अशोक खरात मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खरात पर सख्त कार्रवाई करने के लिए दो हफ्ते पहले ही संज्ञान ले लिया था। फडणवीस ने राज्य के डीजीपी सदानंद दाते को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दाते को आवश्यक कदम उठाने को कहा था। इसके बाद ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई शुरू की।

पहले ही कब्जे में ले लिए गए थे अहम सबूत

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कार्रवाई से पहले ही इस मामले से जुड़े अहम वीडियो क्लिप्स और अन्य गंभीर सबूत अपने कब्जे में ले लिए थे। इसके बाद अशोक खरात के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया गया। गृह विभाग के एक अधिकारी के अनुसार खरात को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी नाशिक क्राइम ब्रांच को दी गई थी। पहले उसके खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया उसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने खरात के घर पर छापा मारा। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसके फरार होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एक खास रणनीति बनाई। पुलिस ने इलाके में ‘चोरी होने’ की सूचना का बहाना बनाकर ऑपरेशन शुरू किया, ताकि किसी को शक न हो। एक टीम घर के अंदर घुसी, जबकि दूसरी टीम बाहर तैनात रही। जैसे ही उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई, पुलिस ने उसे दबोच लिया।

सीधे डीजीपी के संपर्क में थे फडणवीस

गृह विभाग के अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री फडणवीस अशोक खरात मामले पर खुद नजर रखे हुए थे। यहां तक कि डीजीपी सदानंद दाते नाशिक क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में थे और खरात के गिरफ्तार होने तक पल-पल की खबर फडणवीस को पहुंचा रहे थे। इस कार्रवाई के बाद नाशिक समेत पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया। क्योंकि खरात के संपर्क में मुख्यमंत्री से मंत्री एवं विधायक तक थे। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

बाबा खरात के पैर धोते वीडियो वायरल, रूपाली चाकणकर पर बढ़ा इस्तीफे का दबाव

ज्योतिष उर्फ हाई प्रोफाइल बाबा अशोक खरात मामले में अब सियासी पारा चढ़ गया है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे बाबा खरात के पैर धोते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने उन पर तीखा हमला बोलते हुए पद से हटाने की मांग तेज कर दी है। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने कहा कि महिला आयोग जैसे संवेदनशील पद पर बैठे व्यक्ति का इस तरह किसी कथित फर्जी बाबा के साथ जुड़ना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो संस्था महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए काम करती है, उसकी प्रमुख पर इस तरह के आरोप लगना चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन ताकतों के कारण चाकणकर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उधर मंत्री एवं राकांपा (अजित) नेता दत्तात्रय भरणे ने चाकणकर का बचाव करते हुए कहा कि रुपाली का वीडियो पुराना है, जिसे कुछ लोग उन्हें निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

Created On :   19 March 2026 8:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story