- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले ही...
Mumbai News: विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले ही हिंदी भाषा विवाद खत्म करना चाहती है सरकार

- बुद्धिजीवियों, शिक्षाविद और नेताओं से जल्द मुलाकात करेंगे शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे
- भुसे जल्द त्रिभाषा विरोधियों से करेंगे मुलाकात
Mumbai News. राज्य में हिंदी भाषा को लेकर चल रहे विवाद का हल निकालने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिले आदेश के बाद जल्द ही राज्य के शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे भाषा का विरोध करने वाले साहित्यकारों, भाषा विशेषज्ञों, राजनेताओं और सभी अन्य संबंधित पक्षों से विस्तृत चर्चा करने की शुरुआत करने वाले हैं। खबर है कि अगले सप्ताह सोमवार से शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले भुसे सभी पक्षों से मुलाकात करेंगे और हिंदी विवाद पर चल रहे विवाद का हल ढूंढने की कोशिश करेंगे। दरअसल राज्य सरकार मानसून सत्र से पहले इस विवाद का हल ढूंढने में जुट गई है ताकि सत्र में विपक्ष के तीखे हमलों से बचा जा सके।
भुसे जल्द त्रिभाषा विरोधियों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार शिक्षा मंत्री को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साहित्यकारों, भाषा विशेषज्ञों और राजनेताओं से चर्चा करने की जो जिम्मेदारी दी है, उसको इसी सप्ताह के अंदर खत्म करने का आदेश दिया है। दरअसल मुख्यमंत्री फडणवीस चाहते हैं कि 30 जून से शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र में विपक्ष इस मुद्दे को सदन में न उठाए। यही कारण है कि उन्होंने रविवार तक हिंदी का विरोध करने वालों से चर्चा करने की जिम्मेदारी भुसे को दी है। भुसे जल्द ही हिंदी भाषा के विरोधियों से मुलाकात करना शुरू कर सकते हैं।
दरअसल पहली कक्षा से लेकर पांचवी कक्षा तक हिंदी को पढ़ाने को लेकर हुए विवाद पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीन दिन पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में मौजूदा हालातों को लेकर बैठक की थी। जिसमें त्रिभाषा सूत्र पर सभी संबंधितों से चर्चा के बाद ही अंतिम निर्णय लेने की बात कही थी। फडणवीस ने बैठक में यह भी स्पष्ट किया था की नई शिक्षा नीति के अंतर्गत मराठी भाषी छात्रों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। इसके साथ ही सभी राज्यों की स्थिति का तुलनात्मक अध्ययन कर संबंधित पक्षों को जानकारी साझा करने के बाद इस पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Created On :   25 Jun 2025 9:13 PM IST