- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मीनाताई ठाकरे के पुतले पर रंग...
Mumbai News: मीनाताई ठाकरे के पुतले पर रंग फेंकने की घटना पर सियासत गरम, उद्धव और राज भड़के

- मुख्यमंत्री फडणवीस बोले आरोपी कोई भी हो जल्द पकड़ा जाएगा
- मीनाताई ठाकरे के पुतले पर रंग फेंकने की घटना पर सियासत गरम
Mumbai News. शिवाजी पार्क में स्थित शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की पत्नी और शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे की मां मीनाताई ठाकरे के पुतले पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लाल रंग फेंक देने की घटना से मामला संगीन हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और उद्धव गुट के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे भी पहुंचे एवं घटना का निषेध किया और आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की। घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस तरह की घटना निंदनीय है। जो भी समाज विरोधी तत्व इसके पीछे हैं, उन्हें पुलिस जल्द ढूंढ निकालेगी।
क्या है मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब सवा छह बजे की है। सूत्रों के मुताबिक इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से पता चला है कि कोई अज्ञात व्यक्ति सुबह करीब सवा छह बजे मीनाताई के पुतले के पास जाता दिखा। हो सकता है इसी शख्स ने इस घटना को अंजाम दिया हो। जैसे ही इसकी जानकारी उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे को मिली, दोनों ही नेताओं ने पुतले के पास पहुंचकर इस घटना को निंदनीय और कायरतापूर्ण बताया। राज ने कहा कि पुलिस को आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लेना चाहिए।
उद्धव और राज भड़के
घटना की जानकारी मिलते ही उद्धव और राज मौके पर पहुंचे और इस पर दोनों ने तीखी नाराजगी जताई। उद्धव ने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को अपने मां-बाप का नाम लेने में शर्म आती है, उसी ने यह कायरता की है। यह महाराष्ट्र को अशांत करने की साजिश भी हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सच्चाई जल्द सामने आएगी।
फडणवीस का पलटवार
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की निंदा की। फडणवीस ने कहा कि जो भी समाज विरोधी तत्व इसके पीछे हैं, उन्हें पुलिस जल्द ढूंढ़ निकालेगी और कार्रवाई होगी। हालांकि फडणवीस ने कहा कि इस घटना को अनावश्यक राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। घटना के बाद शिवाजी पार्क और आसपास के इलाके में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस ने इस मामले में शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 498 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Created On :   17 Sept 2025 10:01 PM IST