Mumbai News: फर्जी बीएआरसी वैज्ञानिक गिरफ्तार, नकली परिचय पत्र बरामद

फर्जी बीएआरसी वैज्ञानिक गिरफ्तार, नकली परिचय पत्र बरामद
  • आरोपी पर खुफिया जानकारी विदेश में बेचने का संदेह
  • 2004 में भी ऐसे ही मामले में हुआ था गिरफ्तार

Mumbai News मुंबई क्राइम ब्रांच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और खुफिया विभाग (आईबी) ने वर्सोवा इलाके में एक बड़े ऑपेरशन को अंजाम देते हुए ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) का वैज्ञानिक बताता था। गिरफ्तार शख्स की पहचान अख्तर हुसैन कुतुबुद्दीन अहमद (55) के रूप में हुई है।

आरोपी के पास से बीएआरसी के फर्जी परिचय पत्र (आईडी) के अलावा कई जाली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी बीएआरसी से जुड़ी खुफिया जानकारी विदेश में बेचता था। इसी तरह के मामले में आरोपी को 2004 में भी आईबी ने गिरफ्तार किया था। लेकिन बाद में वह जमानत पर छूट गया था। हालांकि आईबी उस पर पिछले 21 साल से अपनी पैनी निगाह बनाए हुए थी। इसी दौरान सुराग मिलने के बाद आईबी के इनपुट पर क्राइम ब्रांच की इंटेलिजेंस यूनिट ने उसे गिरफ्तार किया। वर्तमान में क्राइम ब्रांच समेत अन्य एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ करने में जुटी हैं।

क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक आरोपी के पास जो बीएआरसी पहचान पत्र मिला है। वह इतना असली प्रतीत हो रहा था कि जांच एजेंसियों को भी पहले भ्रम हो गया था। आरोपी ने वैज्ञानिक होने का दावा करते हुए कई निजी ऑपरेटरों से संपर्क किया और बीएआरसी के नाम पर फर्जी सर्टिफिकेट बनवाकर लेन-देन भी किए। केंद्रीय जांच एजेंसियां इस मामले में यह जांच कर रही हैं कि क्या आरोपी ने भारत की गुप्त जानकारियां विदेशों में किसी को बेची है, क्योंकि उसने बीते कुछ वर्षों में कई बार विदेश यात्राएं की हैं। एजेंसियों को शक है कि आरोपी की इन यात्राओं के पीछे कोई गहरी साजिश थी, क्योंकि ये पहला मामला नहीं है, जब अहमद पर देशद्रोह का संदेह हुआ है। 2004 में दुबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर भारत भेजा था।

Created On :   18 Oct 2025 7:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story