Mumbai News: ठाकरे बंधुओं का गठबंधन पक्का , जिसे आना होगा वो आएगा- संजय राऊत

ठाकरे बंधुओं का गठबंधन पक्का , जिसे आना होगा वो आएगा- संजय राऊत
बोले - भाजपा का रंग भ्रष्टाचारी है

Mumbai News मनसे को लेकर कांग्रेस की असहजता के बीच शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे एकसाथ आए हैं। ठाकरे भाइयों का गठबंधन पक्का है। अब आगामी मुंबई मनपा सहित दूसरे स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए दोनों ठाकरे भाइयों के साथ में जिस दल को आना होगा। वो दल हमारे साथ आएंगे। राऊत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है। कांग्रेस आजादी की लड़ाई के आंदोलन के समय की पार्टी है और अब भी कांग्रेस उसी दौर की तरह काम कर रही है।

राऊत ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष ने इंडिया गठबंधन बनाया था। जबकि साल 2024 के विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी बनी थी। लेकिन आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए विपक्षी दलों के बीच अभी किसी गठबंधन पर चर्चा नहीं है पर, मुंबई, पुणे समेत राज्य के शहरों को बचाने व मराठी भाषा के मुद्दे पर शिवसेना (उद्दव) और मनसे एक साथ है। शिवसेना (उद्धव) के हिंदुत्व के रंग को लेकर प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार के बयान पर राऊत ने कहा कि दोनों ठाकरे भाइयों का रंग पक्का है। राऊत ने कहा कि भाजपा में 90 प्रतिशत कांग्रेसी और राकांपा (अविभाजित) के नेता हैं। भाजपा का रंग भ्रष्टाचारी है। शेलार को राज ठाकरे के पास दिखावे के लिए चाय पीने नहीं जाना चाहिए।

ठाणे में शिवसेना (उद्धव) और मनसे साथ लड़ेगी : ठाणे मनपा चुनाव अकेले लड़ने के लिए भाजपा ने 70 सीट पार का नारा दिया है। इससे ठाणे में भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच तनातनी शुरू है। इसी बीच राऊत ने कहा कि ठाणे मनपा चुनाव शिवसेना (उद्धव) और मनसे एकसाथ लड़ेगी। राऊत ने ठाणे मनपा के लिए 75 पार का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि ठाणे मनपा में राकांपा (शरद) के साथ गठजोड़ करने के सवाल पर राऊत ने कहा कि दूसरे दलों के गठबंधन की चर्चा चलती रहेगी। जबकि मनसे के नेता अविनाश जाधव ने कहा कि शिवसेना (उद्धव) से गठबंधन का फैसला राज ठाकरे लेंगे। लेकिन मुझे विश्वास है कि दोनों दल मिलकर 75 से अधिक सीटें जीतेंगे।

मनसे का सम्मेलन आज : मनसे की ओर से मुंबई महानगर प्रदेश (एमएमआर) मतदाता सूची प्रमुखों का सम्मेलन रविवार सुबह 10 बजे आयोजित होगा। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर हॉल में सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बीते दिनों महाविकास आघाड़ी के नेताओं के साथ मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राज्य चुनाव आयोग और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की थी।


Created On :   18 Oct 2025 7:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story