Mumbai News: रईस शेख ने कहा - स्कूलों में वंदे मातरम गीत गाने की सख्ती वापस ले सरकार, फडणवीस को लिखा पत्र

रईस शेख ने कहा - स्कूलों में वंदे मातरम गीत गाने की सख्ती वापस ले सरकार, फडणवीस को लिखा पत्र
  • सपा विधायक ने मुख्यमंत्री फडणवीस को लिखा पत्र
  • 'वंदे मातरम' गीत गाने की सख्ती वापस ले सरकार
  • आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज हो - लोढ़ा

Mumbai News. राज्य के स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ गीत के अनिवार्य गायन को लेकर विवाद बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक रईस शेख ने राज्य सरकार से मांग की है कि 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक राज्य के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण गायन अनिवार्य करने का सरकारी आदेश तुरंत वापस लिया जाए। शेख ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे और राज्यमंत्री पंकज भोयर को पत्र लिखा है। शेख ने आरोप लगाया कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बजाय शिक्षा के क्षेत्र में धार्मिक मुद्दे लाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का सांस्कृतिक एजेंडा लागू करने की कोशिश कर रही है। इस बीच प्रदेश सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने भी वंदे मातरम का विरोध किया है और कहा कि इससे हमारी भावनाएं आहत होती हैं।

शेख ने कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित ‘जन गण मन’ भारत का राष्ट्रगान है। लेकिन अब सरकार ‘वंदे मातरम’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने के नाम पर 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक सभी स्कूलों में उसका पूर्ण गायन और गीत प्रदर्शनी आयोजित करने की जबरन शर्तें लगा रही है। यह नियमों के खिलाफ है। शेख ने कहा कि महाराष्ट्र जैसा प्रगतिशील राज्य ऐसे फैसलों से पीछे जा रहा है। किसी संगठन के पत्र के आधार पर शिक्षा विभाग ने राज्यभर की सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ गीत गाने की बाध्यता लगाई है, यह सही नहीं है। विधायक अबू आजमी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में धार्मिक मुद्दे लाना संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम की जबरन सख्ती संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। इससे हमारी भावनाएं आहत होती हैं।

आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज हो - लोढ़ा

राष्ट्रभक्ति और देश प्रेम से ओतप्रोत 'वंदे मातरम' गीत का विरोध करने वाले अबू आसिम आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। ऐसी मांग राज्य के कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने की है। लोढ़ा ने कहा कि आजमी ने ‘वंदे मातरम’ का विरोध करके करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का अपमान किया है। उनके इस बयान पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम आजमी के मानखुर्द विधानसभा क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर सामूहिक ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे और उन्हें भी आमंत्रित करेंगे। इस कार्यक्रम का वह विरोध करके दिखाएं।

Created On :   30 Oct 2025 9:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story