Mumbai News: राज्य के नए मुख्य सचिव राजेश कुमार ने संभाला पदभार, सुजाता सौनिक हुई सेवानिवृत्त

राज्य के नए मुख्य सचिव राजेश कुमार ने संभाला पदभार, सुजाता सौनिक हुई सेवानिवृत्त
  • राजेश कुमार ने संभाला पदभार
  • सुजाता सौनिक सेवानिवृत्त हुई

Mumbai News. साल 1988 बैच के आईएएस अफसर राजेश कुमार राज्य के नए मुख्य सचिव होंगे। सोमवार को राज्य सरकार ने कुमार को मुख्य सचिव नियुक्त किया। फिर उन्होंने शाम को मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया। इसके साथ ही राज्य की मुख्य सचिव रहीं सुजाता सौनिक सेवानिवृत्त हो गई। कुमार फिलहाल राज्य के राजस्व, पंजीयन व मुद्रांक शुल्क विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे। फिलहाल कुमार के पास राजस्व, पंजीयन व मुद्रांक शुल्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार कायम रहेगा। कुमार 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। इससे उन्हें बतौर मुख्य सचिव सिर्फ दो महीने का कार्यकाल मिलेगा। पत्रकारों से बातचीत में कुमार ने कहा कि सभी विभागों के सचिवों के साथ मिलकर राज्य को विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। राज्य के सभी क्षेत्रों में प्रगति करने, अत्याधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल कार्यक्षमता बढ़ाने और सुशासन पर जोर दिया जाएगा। कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र एक महान राज्य है। मुझे इस राज्य के मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी मिली है। इसके लिए मैं सरकार का आभार व्यक्त करता हूं।

मूल रूप से राजस्थान के हैं कुमार

राज्य के नए मुख्य सचिव कुमार का जन्म 3 अगस्त 1965 को हुआ है। वे मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के हैं। वे 25 अगस्त 1988 को प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए थे। इसके बाद कुमार राज्य के ग्रामीण विकास विभाग, जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग, श्रम विभाग समेत कई विभागों में बतौर सचिव काम कर चुके हैं। वे जलगांव और धाराशिव के जिलाधिकारी, सातारा के सहायक जिलाधिकारी, सोलापुर मनपा के आयुक्त समेत कई पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

कर्मयोगी कभी सेवानिवृत्त नहीं होते-सुजाता

राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव रहीं सुजाता सौनिक सेवानिवृत्त हो गई हैं। लेकिन सुजाता ने कहा कि कर्मयोगी कभी सेवानिवृत्त नहीं होते। मैं अभी तक प्रशासन में काम कर रही थी। अब दूसरे तरीके का काम करूंगी। मैं अपने सेवाकाल से काफी संतुष्ट हूं। सुजाता के पति मनोज सौनिक भी राज्य के मुख्य सचिव रह चुके हैं।

Created On :   30 Jun 2025 9:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story