Mumbai News: मुंबई पानी-पानी, कैबिनेट की बैठक छोड़ लोगों की मदद के लिए सड़क पर उतरे शिंदे

मुंबई पानी-पानी, कैबिनेट की बैठक छोड़ लोगों की मदद के लिए सड़क पर उतरे शिंदे
  • मुंबई सहित राज्य में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश जारी
  • शिंदे ने मुंबई और ठाणे शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया

Mumbai News मुंबई में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश ने मंगलवार को अपना विकराल रुप दर्शाया। मुंबई व ठाणे के कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक भी बुलाई गई थी पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कैबिनेट की बैठक में जाने की बजाए बारिश से प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंच गए। पहले अपने गृहनगर ठाणे का जायजा लिया। इसके बाद मुंबई महानगरपालिका के डिजास्टर मैनेजमेंट रुम पहुंचे।

मुंबई सहित राज्य में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश जारी है। मंगलवार सुबह से ही मुंबई सहित ठाणे, नवी मुंबई और रायगढ़ जिलों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसके मद्देनजर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने मुंबई और ठाणे शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। शिंदे ने मीठी नदी के किनारे के इलाकों में आई बाढ़ का जायजा लिया। उन्होंने विक्रोली पार्कसाइट में भूस्खलन संभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। समुद्र में हाईटाईड के दौरान मीठी नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। यह स्थिति थोड़े समय में हुई भारी बारिश के कारण बनी। हालांकि, दोपहर बाद जलस्तर कम होने से राहत मिली।

पानी निकालने के लिए 525 पंप लगाए गए। मीठी नदी के किनारे के इलाके में एनडीआरएफ की टीमें और नावें तैनात हैं। शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार और मनपा प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। भारी बारिश जारी है और नागरिकों को सावधान रहना चाहिए और ज़रूरत पड़ने पर ही बाहर निकलना चाहिए शिंदे ने अपील की। ठाणे के नौपाड़ा और कोपरी चिखलवाड़ी इलाकों में भी पानी जमा हो गया। शिंदे ने कहा कि पानी निकालने के लिए यहां पंप लगाए गए हैं। ठाणे में 225 मिमी बारिश हुई।

शिंदे ने सोशल मीडिया पर की प्रशंसा : भारी बारिश के मद्देनजर राज्य सरकार ने मुंबई में सरकारी कार्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी थी। पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई। पर शिंदे बैठक छोड़ मैदान में उतरे। इसको लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें प्रशंसा मिली।

पार्टी के सभी मंत्री और नेता जनता की मदद के लिए आगे आएं- सुनील तटकरे : महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसको देखते हुए राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने पार्टी के सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, विभिन्न सेल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनता की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। तटकरे ने कहा कि सभी जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जहां भी नागरिकों को कठिनाई हो रही है, वहां तुरंत पहुंचकर सहायता कार्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों के साथ तालमेल साधकर राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा प्रभावित नागरिकों तक जरूरी मदद समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय में जनता के साथ खड़े रहना ही सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सभी को सतर्क रहना चाहिए और साथ ही अपने परिवार तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।


Created On :   19 Aug 2025 8:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story