- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हुई...
Mumbai News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हुई धांधली की जांच कर राज्य सरकार को बर्खास्त किया जाए

- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र
- विधानसभा चुनाव में हुई धांधली की जांच कर राज्य सरकार को बर्खास्त करें
Mumbai News. प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विधायक नाना पटोले ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर पिछले वर्ष महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित धांधली की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है। पटोले ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर आपत्तियाँ दर्ज की हैं। इन आपत्तियों की भी स्वतंत्र और निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की है कि जब तक इस पूरे मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक राज्य की महायुती सरकार को बर्खास्त किया जाए और राज्य में पारदर्शक विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाए। पटोले ने पत्र में लिखा है कि राज्य की 82 विधानसभा क्षेत्रों के लगभग 12 हजार मतदान केंद्रों पर प्रक्रियागत अनियमितताएं पाई गई हैं, जिससे करोड़ों मतों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने लिखा कि राज्य के गांवों, शहरों और आदिवासी इलाकों के मतदाता भी यही सवाल कर रहे हैं कि क्या यह चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी थे? कहीं हमारा वोट किसी और के खाते में तो नहीं चला गया? पटोले ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही जांच पूरी होने तक वर्तमान राज्य सरकार को बर्खास्त किया जाए और नए सिरे से विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाए।
Created On :   12 Jun 2025 10:36 PM IST