Mumbai News: पुलों और इमारतों का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट, नगर विकास विभाग ने निकायों को दिया आदेश

पुलों और इमारतों का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट, नगर विकास विभाग ने निकायों को दिया आदेश
  • सड़कों में इस्तेमाल होगी तकनीकी
  • नगर विकास विभाग ने निकायों को दिया आदेश

Mumbai News. प्रदेश सरकार ने शहरों में स्थित सभी पुलों और इमारतों के स्ट्रक्चरल ऑडिट करने के आदेश नगर निकायों को दिया है। साथ ही नगर निकायों को स्ट्रक्चरल ऑडिट में खतरनाक पाए जाने वाले पुलों और इमारतों से किसी भी प्रकार की वित्तिय और जीवितहानि नहीं होने देने के लिए आवश्यक उपाय भी करना होगा। सोमवार को राज्य के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसके मुताबिक पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर भीड़ होती रहती है। ऐसी स्थिति में खतरनाक पुलों और इमातों के कारण हादसा होने की संभावना रहती है। राज्य के शहरी इलाकों में सरकारी योजनाओं और नगर निकायों की स्वनिधि से पुलों और इमारतों का निर्माण किया जाता है। इन पुलों और इमारतों के देखभाल और मरम्मत करने की जिम्मेदारी नगर निकायों की होती है। इसलिए नगर निकायों को पुलों और इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का यह आदेश राज्य की सभी महानगर पालिका, नगर परिषद और नगर पंचायतों में लागू होगा। इससे पहले बीते दिनों पुणे के मावल तहसील के कुंडमला स्थित इंद्रायणी नदी पर बने लोहे का पुल ढह गया था। इसके बाद सरकार ने खतरनाक पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए थे।

सड़कों में इस्तेमाल होगी तकनीकी

सरकार ने सभी नगर निकायों को नई सड़क बनाने के लिए ईजी एडिटिव और सड़कों के मरम्मत कार्य के लिए जियो पॉलीमर टेक्नोपैच-एक्स तकनीकी का इस्तेमाल करने का आदेश दिया है। राज्य के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। नई सड़कें बनाने और बारिश व भीड़भाड़ के कारण खराब सड़कों के जल्द मरम्मत के लिए इस तकनीकी का उपयोग किया जाएगा।

Created On :   30 Jun 2025 10:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story