- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विकसित महाराष्ट्र 2047 के लिए विजन...
Mumbai News: विकसित महाराष्ट्र 2047 के लिए विजन डॉक्यूमेंट बनाएगी सरकार, नागरिकों से मांगे सुझाव

- प्रदेश सरकार ने नागरिकों से मांगे सुझाव
- विजन डॉक्यूमेंट बनाएगी सरकार
Mumbai News. प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार की परिकल्पना के अनुरूप ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार ने ‘स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र - ‘विकसित भारत@2047’ बनाने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार ने साल 2029 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर और साल 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार ने नागरिकों से विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए सुझाव, आकांक्षाएं और प्राथमिकताओं को लेकर सर्वेक्षण अभियान शुरू किया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस सर्वेक्षण अभियान का उद्घाटन किया है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागीय आयुक्तों, जिला अधिकारियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को इस सर्वेक्षण के बारे में नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विजन डॉक्यूमेंट तैयार करते समय दीर्घकालीन, मध्यमकालीन और अल्पकालीन तीन स्तर पर लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश भी सभी विभागों को दिए हैं।
विजन डॉक्यूमेंट का प्रारूप 16 विषयों पर आधारित होगा। इसमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर विकास, जल संसाधन, आधारभूत सुविधाएं, वित्त, उद्योग, सेवा क्षेत्र, सामाजिक विकास, सुरक्षा, तकनीक और मानव विकास तथा मानव संसाधन प्रबंधन जैसे विषय शामिल है। राज्य के नियोजन (योजना) विभाग ने नागरिकों से विजन डॉक्यूमेंट बनाने के लिए सुझाव देने का आह्वान दिया है। नागरिक इस लिंक https://wa.link/o93s9m पर जाकर सुझाव दे सकेंगे। वहीं सरकारी कार्यालयों में लगे बोर्ड पर दिए गए क्यूआर कोड को नागरिक स्कैन करके भी नागरिक अपनी राय दर्ज करा सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस सर्वेक्षण में नागरिकों की कोई भी व्यक्तिगत जानकारी नहीं जुटाई जाएगी।
Created On :   19 Jun 2025 9:00 PM IST