नड्‌डा बोले- मोदी के नेतृत्व में करोड़ों रुपए डायरेक्ट लोगों के बैंक खातों में पहुंचे, कांग्रेस की थी कमीशन सरकार

नड्‌डा बोले- मोदी के नेतृत्व में करोड़ों रुपए डायरेक्ट लोगों के बैंक खातों में पहुंचे, कांग्रेस की थी कमीशन सरकार
  • लाभार्थी सम्मेलन में नड्‌डा का कांग्रेस पर निशाना
  • मोदी के नेतृत्व में करोड़ों रुपए डायरेक्ट लोगों के बैंक खाते में भेजे
  • कांग्रेस की कमीशन सरकार के विपरीत हमारी सरकार ने हजारों करोड़ सीधे खातों में किए ट्रांसफर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भव्य स्वागत किया गया। लाभार्थी सम्मेलन में उन्होंने कहा कि योजनाएं और नीतियां पहले भी बनती थीं, लेकिन अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाती थीं। पहले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि मैं 1 रुपया भेजता हूं तो 85 पैसा पता नहीं कहां चला जाता है, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों रुपए डायरेक्ट लोगों के बैंक खाते में भेजे गए हैं। 2014 से पहले करोड़ों बहनें लकड़ी का चूल्हा जलाती थीं, आज 'उज्ज्वला योजना' के तहत 9.60 करोड़ से अधिक महिलाओं को निशुल्क LPG गैस कनेक्शन मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 'कमीशन सरकार' के विपरीत हमारी सरकार ने हजारों करोड़ सीधे लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए हैं। जीडीपी तेज गति से बढ़ रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार को निशाने पर लिया है। नड्डा ने कहा कि तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार में ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार था। विकास के काम ठप्प हो गए थे। महाविकास आघाड़ी सरकार हर चीज में रोड़ा अटका रही थी। लेकिन अब राज्य में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के लोगों की चिंता कर रही है। बुधवार को नड्डा घाटकोपर में केंद्र सरकार की विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद साधा। इस मौके उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नड्डा ने कहा कि अमेरिका, चीन और जापान जैसे देश आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। क्योंकि उन देशों ने मुफ्त की रेवड़ियां बांटने पर पैसा खर्च किया था। लेकिन केंद्र सरकार ने कोरोना काल में बुनियादी ढांचे, कृषि और अन्य क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज देने का फैसला किया था। इसलिए भारत में अमेरिका और चीन जैसा आर्थिक संकट नहीं है।

जेपी नड्डा 17 और 18 मई को दो दिवसीय मुंबई और पुणे के दौरे पर हैं।

इससे पहले मंगलवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने जानकारी देते हुए बताया था कि नड्डा विलेपार्ले में मुंबई भाजपा के विभिन्न मोर्चा, घटकों के प्रमुखों के साथ संवाद साध रहे हैं। देर रात को राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में मुंबई भाजपा की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।

गुरुवार को नड्डा सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परेल स्थित कार्यालय में जाएंगे। जहां पर वे संघ के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। फिर वह सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद राज्य सरकार के कौशल्य विकास योजना के लाभार्थियों के साथ युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर में वह दादर स्थित वीर सावरकर सदन में सावरकर के परिजन से मुलाकात करेंगे। दोपहर बाद नड्डा पुणे में प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वह रात को सांसदों, विधायकों के साथ बैठक करेंगे। फिर केंद्रीय मंत्री व राज्य के मंत्रियों के साथ अलग से बैठक करेंगे।

Created On :   17 May 2023 12:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story