- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सदन में बिखरे दिखे राकांपा विधायक,...
सदन में बिखरे दिखे राकांपा विधायक, 40 हजार करोड़ रुपए की पूरक मांगे पेश

- बिखरे दिखे राकांपा विधायक
- सदन में दिखा यह नजारा
डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दो फाड़ होने से कमजोर हुए विपक्ष ने विधानमंडल मानसून अधिवेशन के पहले दिन से ही अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। इस दौरान राकांपा के विधायक असमंजस में दिखाई दिए। पार्टी के शरद गुट के विधायक भी विधानभवन की सीढ़ियों पर हुए विपक्ष के आंदोलन में दिखाई नहीं दिए, यहां तक कि राकांपा (शरद गुट) के मुख्य सचेतक जीतेंद्र आव्हाड भी नजर नहीं आए। वहीं, कांग्रेस-शिवसेना (उद्धव) के विधायकों ने जोरदार नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद करने की कोशिश जरूर की। सत्र के पहले दिन विधानसभा सदन में राकांपा विधायकों को लेकर इसलिए भी स्थिति साफ नहीं हो सकी, क्योंकि कम विधायक विधानभवन पहुंचे थे। अजित गुट ने पार्टी के 53 में से 40 विधायकों के अपने साथ होने का दावा किया है। प्रदेश राकांपा अध्यक्ष (शरद) ने दावा किया कि उनके गुट के 14 विधायक सदन में पहुंचे थे। सदन में सत्ता व विपक्ष के बीच वाली जगह राकांपा विधायक को दी गई है। हालांकि दोनों गुटों के बैठने की व्यवस्था को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है, जबकि विधान परिषद में राकांपा (शरद गुट) के केवल दो विधायक शशीकांत शिंदे और अरुड लाड ही मौजूद थे। विधान परिषद में राकांपा के कुल 9 विधायक हैं, जिनमें से अजित गुट के साथ पांच और शरद पवार के साथ चार विधायक हैं।
41 हजार 243 करोड़ 21 लाख की पूरक मांगे पेश
विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानसभा में 41 हजार 243 करोड़ 21 लाख रुपए की पूरक मांगें पेश की गईं। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी नमो किसान महासम्मान योजना के लिए चार हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही, राज्य के अनुदानित स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को सांतवा वेतनमान का बकाया भुगतान के लिए 3 हजार 563 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए हैं।
Created On :   17 July 2023 10:00 PM IST












