- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीआर पाटिल...
New Delhi News: केंद्रीय मंत्री गडकरी और सीआर पाटिल से मिले रावल, कुसुम्बा-सेंधवा राष्ट्रीय राजमार्ग चार लेन करने की मांग

- प्रकाशा-बुरई उपसा सिंचाई योजना के लिए केंद्र से धनराशि की मांग
- गुलाबराव पाटिल भी मिले सीआर पाटिल से
New Delhi News. महाराष्ट्र के विपणन एवं प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कुसुम्बा-दोंडाईचा-शहादा-खेड़कोचरा से सेंधवा राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन एक्सप्रेस वे में परिवर्तित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी मुलाकात की। रावल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात के दौरान उनसे सारंगखेड़ा में तापी नदी पर एक नया पुल बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला कुसुम्बा-दोंडाईचा-शहादा-खेड़कोचरा से सेंधवा राष्ट्रीय राजमार्ग, जो दो लेन का है उसको चार लेन में परिवर्तित करने की मांग की। गडकरी ने रावल को इन दोनों मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तुरंत तैयार करने का निर्देश दिया।
प्रकाशा-बुरई उपसा सिंचाई योजना के लिए केंद्र से धनराशि की मांग
रावल ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात कर नंदुरबार तथा धुले जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रकाशा-बुरई उपसा सिंचाई योजना के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री पाटिल को एक मांग पत्र भी दिया। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री पाटिल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। प्रकाशा-बुरई योजना नंदुरबार तालुका के साथ-साथ साकरी और शिंदखेड़ा तालुकाओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस योजना के पूरा होने पर लगभग 7085 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचाई के अंतर्गत आ जाएगी।
गुलाबराव पाटिल भी मिले सीआर पाटिल से
महाराष्ट्र के जल आपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल ने बुधवार को यहां केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने जल शक्ति मंत्री से जल जीवन मिशन के तहत राज्य में किए गए कार्यों के लिए तत्काल अनुदान जारी करने की मांग की। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल ने गुलाबराव की मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द धनराशि जारी करने का आश्वासन दिया।
Created On :   6 Aug 2025 9:29 PM IST