नवी मुंबई: अवैध रूप से रह रहे पांच बांग्लादेशी गिरफ्तार, करते थे राजमिस्त्री का काम

अवैध रूप से रह रहे पांच बांग्लादेशी गिरफ्तार, करते थे राजमिस्त्री का काम
  • वैध दस्तावेजों के बिना देश में रहने का आरोप
  • पांच बांग्लादेशी गिरफ्तार
  • राजमिस्त्री का काम करते थे

डिजिटल डेस्क, नवी मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने नवी मुंबई से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को वैध दस्तावेजों के बिना देश में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एटीएस की विक्रोली इकाई (मुंबई) द्वारा शुक्रवार को घनसोली में दो स्थानों पर एक अभियान चलाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने पांच बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया, जो वैध दस्तावेजों के बिना भारत में रह रहे थे। उन्हें घनसोली में जनाई कंपाउंड और शिवाजी तालाब के पास से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ए. जमाल शेख (22), रेबुल समद शेख (40), रोनी सोरिफुल खान (25), जुलु बिलाल शरीफ (28) और मोहम्मद मुनीर मोहम्मद सिराज मुल्ला (49) बांग्लादेश के दो जिलों के रहने वाले हैं और नवी मुंबई में राजमिस्त्री का काम करते थे। अधिकारी ने कहा कि एटीएस से जुड़े एक पुलिस उप-निरीक्षक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद उन्हें विदेशी अधिनियम, 1946 और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियम, 1950 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा कि नवी मुंबई की रबाले पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है।

नवी मुंबई में 13.5 लाख रुपए के नकली नोट पुलिस ने किए बरामद

नवी मुंबई पुलिस ने दो व्यक्तियों के पास से 13.5 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की शाम को नियमित निगरानी के दौरान नेरुल इलाके में एक मंदिर के पास यह कार्रवाई की गई। उनके अनुसार, इन नोट पर ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया, फुल ऑफ फन’ लिखा है। उन्होंने कहा कि ये नोट रायगड जिले के दिनेश यशवंत धवल (39) और झारखंड के हजारीबाग के शंभुकुमार प्रभुदयाल शर्मा (32) के पास मिले। उन्होंने बताया कि दोनों वर्तमान में नवी मुंबई में रह रहे थे। अधिकारी ने बताया कि कुल 27 बंडल जब्त किए गए और सभी नोट 500 रुपए के हैं। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि दोनों व्यक्तियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया।

Created On :   31 March 2024 2:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story