मनपा के 350 डॉक्टरों से मांगा जा रहा है कोविड पर किए गए खर्च का हिसाब

मनपा के 350 डॉक्टरों से मांगा जा रहा है कोविड पर किए गए खर्च का हिसाब
  • कोविड घोटाले की जांच
  • डॉक्टरों को जारी किया गया फरमान

मोफीद खान, मुंबई । कोविड घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मार्च 2020 से जून 2023 तक कोविड पर खर्च की सभी जानकारी मनपा प्रशासन से मांगी है। ईडी की इस मांग पर मनपा के उपनगरीय, प्रमुख और विशेष अस्पतालों के 350 डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ से इस खर्च का पूरा ब्यौरा इकट्ठा कर अपने वरिष्ठों को सौंपने का फरमान जारी हुआ है। यह फरमान मनपा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जारी किया है।

ईडी इन दिनों मनपा प्रशासन के 4000 करोड़ रुपये के कोविड आपूर्ति घोटाले की जांच कर रहा है। ईडी द्वारा मांगी गई जानकारी एकत्र करने के लिए 16 उपनगरीय अस्पतालों, 5 विशेष अस्पतालों और 4 मेडिकल कॉलेजों के 350 डॉक्टरों और चिकित्सा सहायता टीम से कोविड आपूर्ति खरीद आदेशों का विवरण प्रदान करने के आदेश दिए गए हैं। कोविड में खरीदी गई उन सामग्रियों का विवरण देने को कहा गया है, जिसके लिए निविदाएं जारी की गईं और जिसे मनपा के सेंट्रल पर्चेज विभाग (सीपीडी) और अतिरिक्त आयुक्त पी. वेलारासु ने अनुमोदित किया हो।

24 घंटे में ईमेल पर जानकारी देने के आदेश

मनपा के प्रमुख अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि इन सभी जानकारी को मनपा के आईटी विभाग द्वारा बनाए गए एक समर्पित ईमेल पर 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। इस ईमेल पर कोविड महामारी के दौरान सामग्री प्रबंधन मॉड्यूल और परियोजना मॉड्यूल के तहत खर्च किए गए बजट की जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

कई ऑर्डर की जानकारी हटाई गई

अस्पताल से व्यक्तिगत तौर पर और कोविड केंद्र से दिए गए खरीद के ऑर्डर गायब पाए गए हैं। नायर अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, आधे से भी कम खरीद आदेश सीपीडी द्वारा प्रदान किए गए थे। अब अस्पतालों को उपयोग की गई आपूर्ति का सत्यापन और प्रमाणन देने के लिए कहा जा रहा है। डॉक्टरों को इस्तेमाल की गई आपूर्ति में गायब खरीद ऑर्डर जोड़ने के लिए कहा जा रहा है।

Created On :   1 July 2023 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story