बिगुल फूंका: 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे उद्धव ठाकरे, 40 सीटों पर नियुक्त किए संपर्क प्रमुख

2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे उद्धव ठाकरे, 40 सीटों पर नियुक्त किए संपर्क प्रमुख
  • मुंबई की 6 सीटों समेत ठाणे की सीटों पर अभी कोई फैसला नहीं
  • 40 सीटों पर नियुक्त किए संपर्क प्रमुख

डिजिटल डेस्क, मुंबई. साल 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अभी से चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 40 सीटों पर लोकसभा संपर्क प्रमुख नियुक्त कर संगठनात्मक स्तर पर अपनी चुनावी मशीनरी सक्रिय कर दी है। इन नियुक्तियों को पार्टी की ओर से चुनावी रणनीति को समय से पहले धार देने की अहम कवायद माना जा रहा है। पार्टी की घोषित सूची में मुंबई के कई युवा नेताओं के साथ विधायक, पूर्व नगरसेवक और वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके जरिए उद्धव सेना ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और संभावित चुनावी समीकरणों पर अभी से काम शुरू करने का संकेत दिया है।

हालांकि मुंबई की सभी छह लोकसभा सीटों के अलावा ठाणे और जलगांव लोकसभा क्षेत्र को सूची में शामिल नहीं किया गया है। इन सीटों पर बाद में जिम्मेदारियों की घोषणा होने की संभावना है। घोषित नियुक्तियों में कल्याण और भिवंडी की जिम्मेदारी विधायक वरुण सरदेसाई, शिरडी-अहमदनगर की सुनील शिंदे, छत्रपति संभाजीनगर की आशीष चेंबुरकर और पुणे जिले की जिम्मेदारी सचिन पडवल को दी गई है। इसके अलावा सोलापुर, नाशिक, बुलढाणा और अकोला समेत कई अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी नेताओं की नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों से साफ है कि उद्धव सेना 2029 का इंतजार करने के बजाय अभी से संगठन और चुनावी जमीन तैयार करने में जुट गई है।

Created On :   10 Sept 2026 9:24 PM IST

Tags

Next Story