- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर एयरपोर्ट पर अव्यवस्थाओं का...
परेशानी की हद: नागपुर एयरपोर्ट पर अव्यवस्थाओं का अंबार, कुर्सियों के किनारे से घायल हो रहे यात्री

Nagpur News. डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल में इन दिनों यात्रियों को कई मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट के यात्री लाउंज और वेटिंग एरिया में अव्यवस्थाएं साफ दिखाई दे रही हैं। जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। हवाई यात्रियों द्वारा लगातार इस विषय की शिकायत एयरपोर्ट अधिकारियों से कर रहे हैं। समस्या का समाधान नहीं होने पर यात्री ऑनलाइन अपनी नाराजगी जता रहे हैं।
वाटर डिस्पेंसर हैं, पर पेपर कप नहीं
यात्रियों के अनुसार एयरपोर्ट पर पीने के पानी की व्यवस्था भी बदहाल है। वाटर डिस्पेंसर तो लगे हैं, लेकिन अक्सर वहां पेपर कप उपलब्ध नहीं रहते। कई यात्रियों को पानी पीने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। वहीं वेटिंग एरिया में लगी कई कुर्सियां भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गई हैं। कुर्सियों के नुकीले और धारदार किनारों से कई लोग घायल हो चुके हैं। यात्रियों का कहना है कि, यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर साफ-सफाई और रख-रखाव को लेकर भी यात्रियों ने नाराजगी जताई है।
उनका कहना है कि, देश के महत्वपूर्ण एयरपोर्ट में शामिल नागपुर एयरपोर्ट पर ऐसी अव्यवस्थाएं यात्रियों के अनुभव को खराब कर रही है। यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रबंधन से मांग की है कि पेपर कप की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, असुरक्षित कुर्सियों को तुरंत बदला जाए और यात्री सुविधाओं में सुधार कर अव्यवस्थाओं को दूर किया जाए। उनका कहना है कि, सुरक्षा और सुविधा से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।
Created On :   15 Jun 2026 7:48 PM IST














