Nagpur News: जिप अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त नेम प्लेट बढ़ा रही बंगले की शान, सुरक्षा में सिक्योरिटी गार्ड

जिप अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त नेम प्लेट बढ़ा रही बंगले की शान, सुरक्षा में सिक्योरिटी गार्ड
  • लोककर्म विभाग की लापरवाही से भ्रमित हो रहे आम नागरिक
  • खाली बंगले की सुरक्षा में सिक्योरिटी गार्ड

Nagpur News. जिला परिषद जनप्रतिनिधि का कार्यकाल जनवरी 2025 में समाप्त हो गया। पदाधिकारियों ने उसी समय निवास स्थान खाली कर दिए। अध्यक्ष का नाम फलक आज भी बंगले की शान बढ़ा रहा है। लोककर्म विभाग की लापरवाही से आम नागरिक भ्रमित हो रहे हैं। सिविल लाइंस में जिप अध्यक्ष का बंगला है। बंगले के गेट पर नाम फलक लगा है, उस पर पूर्व अध्यक्ष मुक्ता कोकड्डे का नाम है। कार्यकाल समाप्त हुए डेढ़ साल हो गया है, लेकिन आज भी नाम फलक नहीं हटाना जिप प्रशासन की निष्क्रियता का प्रमाण है।

खाली बंगले की सुरक्षा में सिक्योरिटी गार्ड

खास बात यह है कि, खाली बंगले की सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। अध्यक्ष के कक्ष को ताला जड़ा है। सुरक्षा के नाम पर किया जा रहा खर्च प्रशासन की कार्यप्रणाली के दिवालियापन को उजागर कर रहा है।

लोककर्म विभाग की जिम्मेदारी

जिप के इमारतों की देखभाल, दुरुस्ती का दायित्व लोककर्म विभाग पर है। अधिकारी, पदाधिकारी के निवास पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध करना, जिन्हें आवंटित, उनके नाम फलक लगाना, कब्जा मिलने पर नाम फलक हटाना आदि जिम्मेदारी लोककर्म विभाग की है। जिप अध्यक्ष के बंगले का कब्जा लेने के बाद नाम फलक हटाना प्रशासकीय अनुशासन का हिस्सा है, लेकिन अध्यक्ष के बंगले से नाम फलक हटाने में घोर लापरवाही सामने आई है।

उलझन में "आम'

जिप अध्यक्ष बंगले के पास मेन रोड पर दो व्यक्तियों में बहस हो गई। एक ने कहा जिप में अध्यक्ष है। दूसरे का कहना था कार्यकाल समाप्त हो गया। दोनों बंगले के सामने पहुंचे। वहां नाम फलक देखकर उलझन में पड़ गए।

Created On :   15 Jun 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story