- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्री मानसून का असर, एसी और कूलर की...
मौसम: प्री मानसून का असर, एसी और कूलर की मांग घटी, मौसम का मिजाज हुआ ठंडा

Nagpur News. सोमवार को धूप रही, मौसम में थोड़ी गर्मी रही। जब्कि पिछले तीन दिन से जिले में हो रही हल्की बारिश से मौसम का मिजाज ठंडा पड़ गया। तापमान में गिरावट आने के साथ ही गर्मी व उमस से राहत मिली। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम के तेवर इसी तरह ठंडे बने रहने की संभावना है। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम से आ रही नमी वाली हवा ने वातावरण में ठंडक घोल दी है। उत्तर भारत से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है। इसी तरह विदर्भ के आस-पास ऊपरी हवा में द्रोणिक बनी होने से आसमान में बादलों का राज बना हुआ है। धूप नहीं खिलने और नमी वाली ठंडी हवा चलने से तापमान औसत से नीचे आ गया है। पिछले तीन दिन से जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो रही है। जिस कारण गर्मी व उमस से राहत मिल गई है। एसी व कूलर की मांग कम हो गई है। अगले दो दिन तक मौसम के तेवर नरम रहने की संभावना है। यानी गर्मी से राहत बनी। फिलहाल प्री मानसून का दौर चल रहा है। जिले में मानसून के प्रवेश की तारीख अभी तय नहीं हो सकी है। इस बार मानसून विलंब से आ रहा हैै।
बिजली की मांग घटी, शिकायतें हुईं आधी
गर्मी के तेवर ठंडे पड़ने से महावितरण की बांछे खिल गई हैं। गर्मी व उमस से राहत मिलने से बिजली की खपत में कमी आ गई है। गर्मी में जहां 950 मेगावाट से ज्यादा बिजली की खपत होती थी, वहीं अब यह घटकर लगभग 800 मेगावाट तक आ गई है। बिजली की मांग घटने से बिजली गुल की शिकायतों में भी कमी आई है।
50 फीसदी कम हुई खपत
इस बार पड़ी भीषण गर्मी के चलते बिजली खपत के पुराने सारे रिकॉर्ड टूट गए। नागपुर शहर में बिजली की मांग रिकार्ड 950 मेगावाट से अधिक हो गई थी। गर्मी के कारण डीपी में आग लगने, डीपी का आइल गरम होने, एलटी जाने, कंडक्टर जलने, लोड बढ़ने से बिजली गुल होने की समस्याएं बढ़ गई थीं। मौसम सुहाना होने से एसी व कूलर की मांग कम होने से बिजली की खपत 50 फीसदी तक कम हो गई है। डीपी में आग लगने व फीडर पर लोड बढ़ने की समस्या भी कम हो गई है।
डीपी में लगी आग
राजाबाक्क्षा के पास रविवार सुबह 9.30 बिजली डीपी में आग लग गई। ऑइल कम होने से आग लगने की खबर है। रामबाग, इंदिरा नगर झोपड़पट्टी में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सब स्टेशन के फीडर में समस्या खडी होने से ऊंटखाना के कुछ हिस्से में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। लगभग 700 उपभोक्ताओं पर सुबह 9.30 से दोपहर 3.30 बजे तक बिजली गुल की मार पड़ी। महावितरण कर्मियों ने घटनास्थल पहुंचकर दुरुस्ती कार्य किया और एरिया में बिजली आपूर्ति पूर्ववत की।
Created On :   15 Jun 2026 7:28 PM IST













