परेशानी बढ़ी: सऊदी में शहर के 20 से ज्यादा उमराह यात्री फंसे, 15 दिन में 3 सौ से अधिक लोग लौटे घर

सऊदी में शहर के 20 से ज्यादा उमराह यात्री फंसे, 15 दिन में 3 सौ से अधिक लोग लौटे घर
  • देश सऊदी अरब में क्षेत्रीय तनाव और उड़ानों के संचालन में आ रही दिक्कतें
  • उमराह यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है
  • 20 से ज्यादा यात्री अब भी सऊदी अरब में फंसे हुए हैं

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मध्य-पूर्व के देश सऊदी अरब में क्षेत्रीय तनाव और उड़ानों के संचालन में आ रही दिक्कतों के बीच उमराह यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। मौजूदा समय में 20 से ज्यादा यात्री अब भी सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। उन्हें वतन वापसी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। यात्रियों को मदीना से मस्कट तक 30-35 घंटे का सड़क से सफर करने पर मजबूर होना पड़ा रहा है। यात्रियों में बड़ी संख्या महिला और बुजुर्ग यात्रियों की है। पिछले 15 दिन में 300 से अधिक यात्री घर लौट चुके हैं। वहीं, करीब 500 यात्री उमराह के लिए रवाना होने का इंतजार कर रहे हैं।

35 घंटे का सफर

हुती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के एयरपोर्ट को निशाना बनाये जाने के बाद वह की सरकार ने एहतियातन विदेशी एयरलाइन के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है। इसके चलते, इंडिगो, अकासा, और एयर इंडिया की उड़ानों पर अस्थाई रोक है। नागपुर में बड़ी संख्या में लोग उमराह यात्रा के लिए मक्का-मदीना गए हुए थे। निजी टूर ऑपरेटर के मुताबिक सऊदी अरब में अब भी 20 से अधिक यात्री फंसे हुए हैं। उन्हें सड़क मार्ग से मस्कट पहुंचाने की तैयारी है। वहां से उन्हें मुंबई या हैदराबाद लाया जाएगा। इसके बाद नागपुर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

टिकट 50 हजार तक

ओमान पहुंचने के बाद भी यात्रियों की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं। भारत लौटने के लिए हवाई टिकट महंगे मिलने की शिकायतें हैं। भारतीय एयरलाइंस बंद होने से सऊदी अरब, ओमान और गल्फ क्षेत्र की एयरलाइन यात्रियों से मनमाना किराया वसूल कर रही है। सभी एयरलाइन्स एक तरफ की यात्रा के लिए 50 हजार रुपए तक वसूल कर रही है। सामान्य परिस्थितियों में नागपुर या मुंबई से सऊदी अरब की यात्रा का किराया करीब 38 हजार रुपए पड़ता है।

पहुंचे शहर, मिली राहत

उमराह यात्री इमरान शेख ने बताया कि मक्का, मदीना और मस्कट की यात्रा काफी चुनौती से भरी थी। जैसे तैसे मस्कट पहुंचे। इसके बाद मुंबई होते हुए नागपुर पहुंचे। परिजन काफी चिंता में थे, अब राहत मिली।

सुरक्षित लौट आएं

परिजन सलीम अंसारी ने बताया कि मेरे परिवार के सदस्य अब भी सऊदी अरब में हैं। टिकट और सफर की जानकारी स्पष्ट नहीं होने से चिंता बनी हुई है। बस चाहता हूं कि वे सुरक्षित लौट आएं।

20 यात्री अब भी फंसे

निजी टूर ऑपरेटर नदीम कुरैशी ने बताया कि पिछले 15 दिन में हमारे 300 से अधिक यात्री नागपुर लौट चुके हैं। हालांकि, करीब 20 यात्री अब भी सऊदी अरब में हैं। उन्हें सड़क मार्ग से ओमान के मस्कट लाने की व्यवस्था की जा रही है। वहां से मुंबई या हैदराबाद की फ्लाइट के जरिए भारत लाया जाएगा और फिर नागपुर पहुंचाया जाएगा। हमारी प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है।


Created On :  

Tags

Next Story