Nagpur News: कांग्रेस ने रचा था हिंदुओं काे आतंकवादी ठहराने का षड़यंत्र, अभी और भी खुलासे होंगे - फडणवीस

कांग्रेस ने रचा था हिंदुओं काे आतंकवादी ठहराने का षड़यंत्र, अभी और भी खुलासे होंगे - फडणवीस
  • मंत्रियों को शब्दों व व्यवहार में सावधानी रखनी ही होगी
  • चर्चा के बाद बदला कोकाटे का विभाग

Nagpur News. मालेगांव बम विस्फोट प्रकरण में न्यायालय के निर्णय को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पर मतों की राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा है-कांग्रेस ने हिंदुओं काे आतंकवादी ठहराने का षड़यंत्र रचा था। कई अधिकारियों पर दबाव भी डाला गया। मालेगांव प्रकरण में और भी गंभीर खुलासे होंगे। मंत्री माणिकराव कोकाटे का विभाग बदलने को लेकर कहा कि मंत्रियों को बोलने व व्यवहार में सावधानी रखनी होगी, अन्यथा अावश्यक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से चर्चा की। मालेगांव प्रकरण पर उन्होंने कहा-उस समय की सरकार ने मतों की राजनीति के लिए हिंदू आतंक और भगवा आतंकवाद शब्द तैयार किया। उस दौर में आतंकवादी घटनाएं हो रही थी। भारत ही नहीं अमेरिका व यूरोप में भी इस्लामिक आतंकवाद पर कार्रवाई की जा रही थी। कांग्रेस को लगा कि इस्लामिक आतंकवाद चर्चा में आने से भारत में उन्हें मतों का नुकसान हो सकता है। इसलिए आतंकवाद को लेकर चर्चा बैलेंस करने के लिए हिंदू आतंकवाद की थ्योरी तैयार की गई। हिंदुवादी व संघ के पदाधिकारियों को टारगेट किया गया। जांच कर रहे कई अधिकारियों ने कहा कि प्रमाण नहीं मिल रहे हैं फिर भी अधिकारियों पर प्रमाण तैयार करने के लिए दबाव डाला गया। पुलिस पर दबाव डाला गया। हिंदूवादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने का षड़यंत्र था। हिंदू, भगवा व सनातनी होने से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। ये सब राष्ट्रप्रेमी व राष्ट्रीय विचार के साथ काम करनेवाले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के हिंदू आतंकवाद संबंधी वक्तव्य पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि डॉ.मनमोहनसिंह के नेतृत्व की सरकार के समय भगवा आतंकवाद कहा गया था। उस समय चव्हाण संसदीय कार्यमंत्री थे। उस समय वे चुप क्यों रहे। इस्लामिक आतंकवाद के समय भारत में मुस्लिमों को आतंकवादी नहीं कहा गया। लेकिन भगवा आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस ने हिंदुओं को आतंकवादी ठहराने का प्रयास किया।

चर्चा के बाद बदला कोकाटे का विभाग

मंत्री माणिकराव कोकाटे का विभाग बदलने का लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा-मंत्री को लेकर जो वीडियाे वायरल हुआ उससे जनता में रोष था। मंत्री के संबंध में उपमुख्यमंत्री अजित पवार व एकनाथ शिंदे से चर्चा की गई। उसके बाद विभाग बदलने का निर्णय लिया गया। अब कोई विशेष वक्तव्य करेगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी। मंत्रियों को ध्यान रखना चाहिए कि जनता की सेवा करते समय क्या बोलें और कैसा व्यवहार रखे। जनप्रतिनिधि का व्यवहार जनता को दिखता है। पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे की भेंट के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा-मुंडे 3 बार अलग अलग विषयों को लेकर भेंट कर चुके हैं। फिलहाल किसी मंत्री का विभाग बदलने का विषय नहीं है।

Created On :   1 Aug 2025 6:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story