Nagpur News: नागपुर में मिली नई जिंदगी , आसमान में अब गरज रहा एयर इंडिया का बोइंग

नागपुर में मिली नई जिंदगी , आसमान में अब गरज रहा एयर इंडिया का बोइंग
  • 6 साल बाद यात्री सेवा में लौटा बोईंग 777
  • मुंबई-दिल्ली के बीच पहली उड़ान सेवा
  • फरवरी 2020 से नागपुर में रहा ग्राउंडेड

Nagpur News करीब 6 साल से ग्राउंडेड एयर इंडिया का बोइंग 777-300 ईआर विमान आखिरकार फिर से यात्री सेवा में लौट आया है। वीटी-ऑल रजिस्ट्रेशन वाले इस विमान ने अपनी पहली उड़ान सेवा मुंबई से दिल्ली के बीच पूरी की। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मुंबई से फ्लाइट ने दोपहर 3:41 बजे उड़ान भरी। शाम 5:54 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नई दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किया। खास बात यह है कि इस विमान को पुनर्जीवित नागपुर स्थित एयर इंडिया के मेंटेनेंस, रिपेयरिंग ओवरहॉल (एमआरओ) फैसिलिटी में किया गया। विमान की कुल क्षमता 345 यात्रियों की है, जिसमें 306 इकोनॉमी, 35 बिजनेस और 4 फर्स्ट क्लास सीटें शामिल हैं।

डीजीसीए ने दी कमर्शियल उड़ान की मंजूरी : इससे पहले विमान ने 6 मार्च 2026 को नागपुर से सफल टेस्ट फ्लाइट भरी थी। इसके बाद 14 मार्च को नागपुर से मुंबई के लिए फेरी (पोजिशनिंग) फ्लाइट ऑपरेट की गई। हर चरण में डीजीसीए की कड़ी निगरानी रही। बोइंग से तकनीकी मार्गदर्शन लिया गया। सभी परीक्षण पूरे होने के बाद विमान को एयरवर्थिनेस रिव्यू सर्टिफिकेट (एआरसी ) मिला। जिसके बाद इसे कमर्शियल उड़ान के लिए मंजूरी दी गई।

80 से ज्यादा स्ट्रक्चरल बदलाव : एयर इंडिया से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के बताया कि विमान की दुरस्ती के लिए 3000 से ज्यादा पार्ट्स दुनियाभर से मंगवाए गए। इंजन, फैन काउल और थ्रस्ट रिवर्सर जैसे अहम हिस्सों को बदला गया। इसके अलावा, एयर कंडीशनिंग, लैंडिंग गियर, हाइड्रोलिक, ऑक्सीजन और एवियोनिक्स सिस्टम को पूरी तरह रीबिल्ड किया गया। दुरुस्ती के दौरान करीब 80 अनिवार्य स्ट्रक्चर मॉडिफिकेशन भी किए गए। विमान में 400 वर्ग मीटर कारपेट बिछाया गया। पूरे एयरक्राफ्ट पर 150 लीटर पेंट किया गया।

फरवरी 2020 में नागपुर आया "ड्रीमलाइनर" : बता दें कि एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर फरवरी 2020 में सी-चेक के लिए नागपुर आया था। कोरोना के चलते विमान के जरूरी पार्ट की सप्लाई नहीं हो पाई, जिसके चलते विमान नागपुर में ही ग्राउंडेड रहा। इस विमान के कई कलपुर्जों का इस्तेमाल अन्य विमानों में किया गया। इससे विमान की मरम्मत में काफी समय बीत गया। पिछले कुछ वर्षो में एयर इंडिया की इंजीनियरिंग, मेंटेनेंस, सप्लाई चेन और क्वालिटी टीमों ने 24 घंटे काम कर इस विमान को तैयार किया है।


Created On :   18 March 2026 2:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story