Nagpur News: राज्य के 10,312 ग्रंथालयों के खातों में पहुंचे अनुदान के 79.21 करोड़

राज्य के 10,312 ग्रंथालयों के खातों में पहुंचे अनुदान के 79.21 करोड़
  • पहली बार नहीं, अब ऑनलाइन प्रक्रिया से एक साथ हुआ भुगतान
  • ग्रंथालयों को दैनिक खर्च और विकास कार्यों के लिए मिलेगी आर्थिक मदद

Nagpur News राज्य के सरकारी मान्यता प्राप्त सार्वजनिक ग्रंथालयों को आर्थिक मदद के लिए अब अनुदान का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के अनुदान की पहली किस्त के रूप में 79 करोड़ 21 लाख 94 हजार रुपए 29 अक्टूबर को सीधे ग्रंथालयों के बैंक खातों में ऑनलाइन जमा कर दिए हैं। इससे राज्य के 10 हजार 312 ग्रंथालयों को लाभ मिलेगा। उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने यह जानकारी दी।

अब तक ग्रंथालयों को अनुदान संबंधित जिले के जिला ग्रंथालय अधिकारी कार्यालय के माध्यम से पारंपरिक तरीके से दिया जाता था। इस प्रक्रिया में सभी ग्रंथालयों तक एक साथ राशि पहुंचाना मुश्किल होता था और भुगतान में देरी भी होती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने वर्ष 2022-23 से ऑनलाइन ग्रंथालय अनुदान प्रबंधन प्रणाली शुरू की।

इस साल पहली किस्त के लिए 13 अक्टूबर को निधि मंजूर की गई थी। इसके बाद ऑनलाइन वार्षिक रिपोर्ट जमा करने वाले 10,312 ग्रंथालयों के भुगतान को मंजूरी दी गई। अब वीपीडीए प्रणाली के माध्यम से पूरी राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई गई है।

किस्तों में मिलता है अनुदान : राज्य सरकार सार्वजनिक ग्रंथालयों को हर साल दो समान किस्तों में रखरखाव अनुदान देती है। ऑनलाइन व्यवस्था से भुगतान में पारदर्शिता आई है और देरी भी कम हुई है। इससे ग्रंथालयों को रोजमर्रा के खर्च और विकास कार्यों के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी।


Created On :  

Tags

Next Story