- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- शिव भोजन थाली केंद्र में मां पर...
Nagpur News: शिव भोजन थाली केंद्र में मां पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का मामला

Nagpur News शिव भोजन थाली केंद्र में एक कुख्यात बदमाश ने अपनी ही मां पर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास किया। शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने मां से गाली-गलौज की और सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर उनके पेट पर वार कर दिया। इसी दौरान मां की सहकर्मी महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद केंद्र में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले में तहसील पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टीमकी निवासी लीलाबाई सुरेश टाकलीकर (66) जगन्नाथ बुधवारी, कुंभारपुरा स्थित शिव भोजन थाली केंद्र में काम करती हैं। सोमवार को वह रोजाना की तरह अपने काम पर गई थीं। इसी दौरान उनका बेटा सचिन सुरेश टाकलीकर (42) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए मां से पैसे मांगने लगा। लीलाबाई ने पैसे देने से इनकार किया तो सचिन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद सचिन ने वहीं रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और लीलाबाई के पेट पर वार कर दिया। उसने उन्हें धमकाते हुए जान से मारने की बात भी कही। सचिन दोबारा चाकू से हमला करता, इससे पहले ही लीलाबाई की सहकर्मी ललिता हेमंत निमजे ने बीच-बचाव करते हुए उसके हाथ से चाकू छीन लिया। इससे लीलाबाई की जान बच गई।
यह भी पढ़े -ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज, मनपा टैक्स निरीक्षक को धमकाने और 30 हजार मांगने का आरोप
बताया गया है कि आरोपी सचिन के खिलाफ हत्या, मारपीट और घातक हथियार से हमला करने समेत सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब 16 वर्ष जेल की सजा काटकर बाहर आया है। घटना के समय शिव भोजन थाली केंद्र में ग्राहक और अन्य लोग भी मौजूद थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। तहसील पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़े -हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों और एकता की पहचान है, विद्यार्थियों ने पेश की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
Created On :   22 Sept 2026 4:58 PM IST












