Nagpur News: टेकड़ी गणेश मंदिर में 1101 किलो लड्‌डू का महाभोग, दर्शन-प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़

टेकड़ी गणेश मंदिर में 1101 किलो लड्‌डू का महाभोग, दर्शन-प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़
दैनिक भास्कर के सफलतम 24 वर्ष के उपलक्ष में महाप्रसाद का आयोजन

Nagpur News प्रतिवर्ष एक नई अनुभूति और अविस्मरणीय यादें छोड़ देने वाला 'भास्कर परिवार' का महाभोग अर्पण समारोह आज वामन द्वादशी को मनाया जा रहा है। इस दिन प्रथम पूज्य श्री गणेश को 1101 किलो के एक लड्डू का भोग लगता देखना हर श्रद्धालु की इच्छा होती है। वामन द्वादशी, भगवान वामन का प्रादुर्भाव दिवस है। राजा बली को बाल्यावस्था में अपने तीसरे चरण से पाताल में समाहित करने वाले भगवान वामन ने राजा बली के अहंकार का हरण किया था।

इस आयोजन में महाराष्ट्र के प्रधान देवता भगवान श्री गणेश के चरणों में 1101 किलो का एक लड्डू अर्पण किया जाता है। अर्पण के बाद यह विशालतम लड्डू केवल प्रसाद मात्र रह जाता है। वास्तव में परमात्मा अहंकार ग्रहण करते हैं। लड्डू की सामग्री और नाम तिरोहित हो जाते हैं और शेष रह जाता है, केवल महाप्रसाद। यही भगवान वामन का संदेश है। पूजन के बाद महाप्रसाद गणेश भक्तों और जनता-जनार्दन को वितरित किया जाता है।

72 घंटे में महालड्डू तैयार : 1101 किलोग्राम के महालड्डू को 72 घंटे में बॉम्बेवाला स्वीट्स के रिषभ प्रदीप व्यास के नेतृत्व में मुख्य कारीगर राजेश सिन्हा और राजाराम प्रजापति सहित 15 अनुभवी कारीगरों की टीम ने तैयार किया है। 5 फीट ऊंचे और साढ़े 4 फीट चौड़े शुद्ध देसी घी से बनाए गए महालड्डू में बूंदी और सूखे मेवे की 7 परतें और चांदी का वर्क है।

पार्किंग व्यवस्था मॉडल स्कूल मैदान में : महालड्डू का महाप्रसाद ग्रहण करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था मंदिर के सामने स्थित माॅडल स्कूल मैदान में की गई है।

जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था : टेकड़ी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था मंदिर गेट की दाईं ओर हार-फूल की दुकानों की कतार में मुख्य मार्ग पर की गई है।

महाप्रसाद : योग्य और दक्ष कारीगरों द्वारा निर्मित महाभोग स्टेशन रोड स्थित टेकड़ी श्री गणेश मंदिर में भगवान श्री गणेश के स्वयंभू श्रीविग्रह के समक्ष रख, विधि-विधान से वेद-मंत्रों के द्वारा पूजन कर अर्पण किया गया। पूजन कार्य का संपादन वैदिक विद्वानों ने किया। करेंगे। महाभोग के बाद आरती तत्पश्चात महाप्रसाद वितरण का क्रम शुरू हुआ। 'दैनिक भास्कर परिवार' आमजन से प्रसाद ग्रहण करने की अपील करता रहा है।


Created On :   23 Sept 2026 12:36 PM IST

Tags

Next Story