सुविधा: सुपर में होगा अत्याधुनिक तकनीक से युक्त राज्य का पहला न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग

सुपर में होगा अत्याधुनिक तकनीक से युक्त राज्य का पहला न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग
  • अत्याधुनिक पद्धति से होगा उपचार
  • गरीबों को मिलेगा लाभ
  • 9.80 करोड़ रुपए प्राप्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) से संलग्न सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जल्द ही न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग शुरू होने जा रहा है। सरकारी अस्पतालाें में यह विभाग शुरू करने वाला सुपर स्पेशलिटी राज्य का पहला अस्पताल होगा।

9.80 करोड़ की मिल चुकी है निधि : अत्याधुनिक तकनीक से युक्त इस विभाग में हाइपरथायरायडिज्म, थायरॉइड कैंसर, लिम्फोमा, टीबी, किडनी की गंभीर बीमारियों पर न्यूक्लियर मेडिसिन तकनीक से उपचार किया जाएगा। हाल ही में मेडिकल प्रशासन ने चिकित्सा शिक्षा व संशोधन विभाग को इस विभाग को शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा है। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय स्तर पर आचार संहिता लगने से पहले ही इसे मान्यता दी गई है। इसके लिए 9.80 करोड़ रुपए प्राप्त हो चुके हैं। विभाग तैयार करने के लिए मूलभूत कार्य शुरू किए गए हैं। दो महीने में यह विभाग शुरू होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

दवाओं के माध्यम से रेडिएशन : इस विभाग में दवाओं के अणुओं द्वारा उपचार कर बीमारियों का निदान किया जाता है। इसके लिए रेडिएशन का उपयोग किया जाता है। इसे रेडियो फार्मास्यूटिकल्स कहा जाता है। इसमें गामा किरणों के माध्यम से उपचार होता है, वहीं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इंजेक्शन के माध्यम से उपचार किया जाता है। यह अन्य थेरेपी से हट कर है। इस उपचार पद्धति में दवाओं के माध्यम से रेडिएशन दिया दिया जाता है।

भर्ती प्रक्रिया की जाएगी : अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये ने बताया कि मेडिकल व सुपर स्पेशलिटी में नई-नई विकसित उपचार पद्धति लाने का निरंतर प्रयास जारी है। न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग का लाभ मध्य भारत के सामान्य गरीब मरीजों को मिलेगा। इस विभाग के लिए पदों की मंजूरी मिल चुकी है। 3 विशेषज्ञ डॉक्टरों समेत 2 तकनीकी विशेषज्ञ के पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जाएगी। इस विभाग से सुपर स्पेशलिटी में उपचार सुविधा का नया अध्याय शुरू होगा। बता दें कि सुपर में किडनी प्रत्यारोपण यूनिट राज्य का पहला और मेडिकल में रोबोटिक यूनिट भी राज्य का पहला विभाग है।


Created On :   30 March 2024 8:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story