चुनावी रंग: जनार्दान रेड्डी को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, पंजाब में आप सांसद रिंकू हुए भाजपाई

जनार्दान रेड्डी को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, पंजाब में आप सांसद रिंकू हुए भाजपाई
  • कांग्रेस ने जनार्दान रेड्डी को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
  • पूछा- 35 हजार करोड़ के घोटालेबाज को क्यों बचा रही भाजपा
  • पंजाब में आप सांसद रिंकू हुए भाजपा में शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने अवैध खनन घोटाले के आरोपी जनार्दन रेड्डी के भाजपा में शामिल होने पर निशाना साधा है। पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि 35 हजार करोड़ रूपये के अवैध लौह अयस्क घोटाले के आरोपी जनार्दन रेड्डी का भाजपा में शामिल होना मोदी सरकार के भ्रष्टाचार को खत्म करने के दावों की पोल खोल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के साक्ष्य होने के बावजूद मोदी सरकार रेड्डी को बचा रही है। पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि वह जनता जनार्दन के लिए खुद को खपा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी जनता के लिए खपते हुए कभी नहीं दिखे, लेकिन वह जनार्दन रेड्डी के लिए खपते हुए जरूर दिख रहे हैं। 35 हजार करोड़ रूपये के अवैध खनन घोटाले के आरोपी रेड्डी के ऊपर सीबीआई मामलों समेत कुल 20 मामले लंबित हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि तमाम साक्ष्य होने के बावजूद जनार्दन रेड्डी को क्यों बचाया जा रहा है? कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रेड्डी ने भाजपा में शामिल होते ही कहा कि मैं अपनी जड़ों की ओर लौटकर आ गया हूं। इसलिए समझा जा सकता है कि देश में भ्रष्टाचार की जड़ कहां है?

पंजाब में आप के इकलौते सांसद रिंकू हुए भाजपाई

उधर आम आदमी पार्टी (आप) को झटका लगने का सिलसिला जारी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के ईडी की कस्टडी में जाने के बाद अब पार्टी को पंजाब में एक बड़ा झटका लगा है। पंंजाब में पार्टी के इकलौते सांसद सुशील कुमार ‘रिंकू’ ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। रिंकू के साथ आप के एक विधायक शीतल अंगुराल भी भाजपाई हो गए हैं। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने आप से आए दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। जालंधर के सांसद रिंकू ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि यह सच है कि मैंने जालंधर के लोगों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए, क्योंकि मेरी पार्टी (आप) ने मेरा समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली से प्रभावित हूं। सुशील कुमार रिंकू पिछले साल जालंधर उपचुनाव जीतकर सांसद बने थे। माना जा रहा है कि रिंकू जालंधर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी होंगे।

Created On :   27 March 2024 2:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story