उपलब्धता पर नजर: केंद्र ने कहा - घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की पर्याप्त उपलब्धता, बफर स्टॉक भी उपलब्ध

केंद्र ने कहा -  घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की पर्याप्त उपलब्धता, बफर स्टॉक भी उपलब्ध
  • आने वाले महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की पर्याप्त उपलब्धता
  • इस बार का अनुमानित उत्पादन पिछले साल के 307.67 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के बराबर ही है

New Delhi News. केंद्र सरकार ने कहा है कि आने वाले महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की पर्याप्त उपलब्धता है। 2025-26 में अनुमानित उत्पादन 307.37 लाख मीट्रिक टन है, जो पिछले साल के 307.67 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के बराबर ही है। इसके अलावा, बफर स्टॉक भी उपलब्ध है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि सरकार राज्यों में प्याज की कीमतों, बाजार में आवक और उपलब्धता पर बारीकी से नजर रख रही है ताकि पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और उपभोक्ताओं को कीमतों में बेवजह उतार-चढ़ाव से बचाया जा सके।

मंत्रालय ने बताया कि 'कांदा एक्सप्रेस' (रेल रेक के जरिए थोक परिवहन) जैसी पहल लॉजिस्टिक्स की दक्षता को बढ़ाती हैं और देश भर में प्याज की बड़े पैमाने पर ढुलाई को आसान बनाती हैं। 2024-25 में शुरू की गई 'कांदा एक्सप्रेस' पहल का दायरा बाद में बढ़ाया गया। 2025-26 में इसके कामकाज का काफी विस्तार हुआ और 86 रेल रेक के जरिए देश भर के 16 प्रमुख शहरों तक लगभग 88,000 मीट्रिक टन प्याज पहुंचाया गया। पिछले साल के अनुभव के आधार पर नासिक से सोमवार को नाशिक से देश के प्रमुख शहरों चेन्नई, मदुरई, दिल्ली, कोचीन और गुवाहाटी के लिए 'कांदा एक्सप्रेस' रवाना की जा चुकी है। बाद में अन्य शहरों के लिए भी जरूरत के मुताबिक कांदा एक्सप्रेस प्याज की आपृर्ति करेगी।

सरकार लगातार प्याज की कीमतों, बाजार में आवक और उपलब्धता पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी ज़रूरी कदम उठाएगी।अच्छे उत्पादन स्तर, स्टॉक की उपलब्धता और बाजार में समय रहते किए गए उपायों से मौसमी कीमतों के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय ने बताया कि सरकार अपनी कीमत-स्थिरीकरण नीति में किसानों के हितों को केंद्र में रखते हुए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Created On :   24 Aug 2026 6:46 PM IST

Tags

Next Story