बिहार चुनाव-2025: छठ महापर्व के बाद चुनाव प्रचार में राहुल - तेजस्वी संयुक्त जनसभा कर देंगे प्रचार को धार

- राहुल गांधी की एक दर्जन से अधिक जनसभाएं
- छठ महापर्व के बाद चुनाव प्रचार में उतरेंगे राहुल गांधी
- तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया
New Delhi News. बिहार विधानसभा चुनाव से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दूर रहने की अटकलों पर विराम लगने जा रहा है। राहुल गांधी 29 अक्टूबर से विधानसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद करने जा रहे हैं। उनके साथ राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव भी हुंकार भरेंगे। महागठबंधन (कांग्रेस-राजद-वीआईपी-वाम दल) ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। कांग्रेस मीडिया विभाग के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राहुल गांधी 29 अक्टूबर से चुनाव प्रचार में उतरेंगे। इसकी शुरुआत मुजफ्फरपुर और दरभंगा से होने जा रही है। इससे पहले, महागठबंधन बुधवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगा। इसके बाद से महागठबंधन अपने चुनाव प्रचार अभियान को धार देने का काम करेगा ।
राहुल गांधी की एक दर्जन से अधिक जनसभाएं
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी बिहार में कम से कम एक दर्जन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह रोड शो में भी शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। प्रियंका की पूरे राज्य में 10 से ज्यादा सभाएं और रोड शो कराने की योजना का खाका तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा कि पहले चरण के मतदान के लिए होने प्रचार में राहुल गांधी कम से कम 8 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
राहुल-तेजस्वी की साझा सभाएं
महागठबंधन के चुनाव प्रबंधकों के बीच राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की 4 से 6 संयुक्त जनसभाओं के आयोजन की योजना है। इसको लेकर कांग्रेस और राजद के वरिष्ठ नेताओं की बीच चर्चाओं का दौर अंतिम चरण में है। दरअसल, कांग्रेस की मंशा है कि छठ महापर्व के बाद महागठबंधन के घटक दलों के बीच एकजुटता का संदेश देने के लिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की संयुक्त सभा से ही चुनाव प्रचार का आगाज किया जाए।
Created On :   27 Oct 2025 9:53 PM IST














