New Delhi News: महाराष्ट्र के आधे से अधिक सांसदों ने लगाई सौ फीसदी हाजिरी

- उदयनराजे रहे सबसे पीछे, सिर्फ एक दिन पहुंचे संसद
- कुल 21 बैठकों में से 6 में पहुंचीं हेमा मालिनी
New Delhi News देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में माननीय सांसदों की कम उपस्थिति को लेकर प्रश्न उठते रहे हैं। इस बीच पिछले गुरूवार को संपन्न लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान सांसदों की उपस्थिति बेहतर रही है। 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चले इस सत्र में कुल 21 बैठकें हुई। इस दौरान महाराष्ट्र के आधे से अधिक लोकसभा सांसदों ने सदन में सौ फीसद उपस्थिति दर्ज कराई है। हालांकि उदयनराजे भोंसले जैसे माननीय भी हैं, जिन्होंने पूरे सत्र में महज एक दिन लोकसभा की देहरी लांघी है।
मथुरा से सांसद ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी कुल 21 बैठकों में से सिर्फ 6 दिन संसद पहुंचीं तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी बस 2 बैठकों में हाजिर रहे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 12 तो उनकी पत्नी डिंपल यादव और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने 19-19 बैठकों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। भोजपुरी स्टार रवि किशन ने 18 तो दूसरे भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ने 19 दिन हाजिरी लगाई है।
हर दिन संसद पहुंचीं सुप्रिया, प्रणीति : मानसून सत्र में महाराष्ट्र के सांसदों की उपस्थिति अच्छी रही है। सत्र के दौरान प्रदेश के जिन सांसदों की उपस्थिति 100 प्रतिशत रही है, उनमें राकांपा (एसपी) से सांसद सुप्रिया सुले, धैर्यशील मोहिते पाटील और भास्कर भगारे तो कांग्रेस से प्रणीति शिंदे, प्रतिभा धानोरकर, श्यामकुमार बर्वे, डॉ शोभा बच्छाव, वर्षा गायकवाड़, एड. गोवाल पडवी, प्रशांत पडोले, डॉ किरसन नामदेव और डॉ कल्याण काले का नाम शामिल है।
श्रीकांत और धोत्रे ने भी लगाई पूरी हाजिरी : लोकसभा में शत प्रतिशत हाजिरी लगाने वाले प्रदेश के सांसदों में भाजपा से अनूप धोत्रे, हेमंत सावरा और स्मिता वाघ के साथ निर्दलीय विशाल पाटील भी शामिल हैं। इसी प्रकार शिवसेना (उद्धव) से अरविंद सावंत, अनिल देसाई, राजाभाऊ वाजे और ओमराजे निंबालकर तो शिवसेना (शिंदे) से डॉ श्रीकांत शिंदे, श्रीरंग अप्पा बारणे, नरेश म्हस्के और रवीन्द्र वायकर ने भी सदन में सौ फीसद उपस्थिति दर्ज कर अपनी सक्रियता का परिचय दिया है।
सभी महिला सांसदों ने मारी बाजी : विशेष बात यह कि महाराष्ट्र की सभी महिला सांसदों सुप्रिया सुले, प्रणीति शिंदे, वर्षा गायकवाड़, प्रतिभा धानोरकर, शोभा बच्छाव और स्मिता वाघ की उपस्थिति शत प्रतिशत रही है। इस मामले में महज एक दिन हाजिरी लगाकर सतारा के सांसद उदयनराजे सबसे फिसड्डी साबित हुए हैं। शिवसेना (उद्धव) सांसद नागेश आष्टिकर 8 दिन तो कांग्रेस के रवीन्द्र चह्वाण और राकांपा (अजित) के सुनील तटकरे 13-13 बैठकों में मौजूद रहे हैं।
महाराष्ट्र के अन्य सांसद - उपस्थिति
बजरंग सोनवणे - 20
संजय देशमुख - 19
अमर काले - 19
संजय दीना पाटील - 19
डॉ शिवाजी कालगे - 19
धैर्यशील माने - 19
भाऊसाहेब वाकचौर - 19
बलवंत वानखेड़े - 18
निलेश लंके - 18
संदीपन भूमरे - 18
संजय जाधव - 17
छत्रपति साहूजी - 17
सुरेश म्हात्रे - 14
सुनील तटकरे - 13
रवीन्द्र चह्वाण - 13
नागेश आष्टिकर - 08
उदयनराजे भोंसले - 01
Created On :   26 Aug 2025 6:56 PM IST